शुक्रवार को जिला योजनाकार विभाग ने गांव भैंसवाल रोड पर अवैध रूप से गोदाम बनाने वालों पर कार्रवाई की। विभाग ने जेसीबी चलाकर गोदामों को ढहा दिया। एक व्यक्ति को पहले ही निर्माण कार्य रोकने के लिए नोटिस किया गया था, लेकिन उसने काम नहीं रोका। विभाग ने उसके खिलाफ पुलिस में केस दर्ज कराया है, जबकि दो को नोटिस भेजा गया है।
डीटीपी अशोक गर्ग ने बताया कि शिकायत मिल रही थी कि भैंसवाल रोड अवैध रूप से गोदाम का निर्माण शुरू करा दिया गया है। सूचना पर टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो शिकायत सही मिली। ये गोदाम मित्र पाल, अशोक अरोड़ा और प्रवीन मित्तल के द्वारा बनाए जा रहे थे। मित्रपाल को इस संदर्भ में नोटिस जारी किया गया था। जवाब न देने पर थाना सेक्टर- 13- 17 में केस दर्ज कराया था। इसके बाद भी मित्रपाल द्वारा निर्माण कार्य को नहीं रोका गया। इसके चलते शुक्रवार को कार्रवाई की गई। ड्यूटी मजिस्ट्रेट तहसीलदार डॉ. कुलदीप मलिक के नेतृत्व में एटीपी सतीश और जेई मंजीत दोपहर करीब 12 बजे जेसीबी लेकर मौके पर पहुंच गए। मौके पर थाना सेक्टर- 13/17 पुलिस को बुला लिया गया। टीम ने जैसे ही निर्माणाधीन गोदाम तोड़ना शुरू किए। तभी आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस बल के आगे उनकी एक नहीं चल सकी। पुलिस ने उनको वहां से खदेड़ दिया।