जीटी रोड फ्लाईओवर पर कट खुलवाने के लिए जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है, जिससे लोगों को जाम से निजात मिलेगी। इसके लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के अधिकारियों को कट खोलने की संभावनाएं तलाशने के लिए कहा गया। जिससे फ्लाईओवर पर चढ़ने वाले को शहर के अंदर उतरने की सुविधा मिले और शहर से कट के जरिए फ्लाईओवर पर चढ़ने की सुविधा हो।
वर्ष 2008 में जीटी रोड पर फ्लाईओवर पानीपत में बनाया गया, इसकी लागत 403 करोड़ थी। प्रोजेक्ट से शहर को जाम से निजात तो नहीं मिली, बल्कि स्थित और विकट हो गई। प्रशासन पिछले तीन साल से फ्लाईओवर पर कट खुलवाने का प्रयास कर रहा है, लेकिन एनएचएआई कट खोलने को तैयार नहीं है। अब इस दिशा में फिर से कदम उठाया गया है। उपायुक्त सुशील सारवान ने फ्लाईओवर पर खादी आश्रम, सेक्टर-29, ऑस्कर अस्पताल व बरसत रोड के सामने फ्लाईओवर से कट खोलने के लिए कहा है। इस संबंध में शुक्रवार को डीसी ने एनएचएआई अधिकारियों के साथ मीटिंग भी की है।
कटों से शहर को ऐसे होगा लाभ
सेक्टर 29 कट
सेक्टर-29 पार्ट वन पार्ट टू, सेक्टर 25 पार्ट वन व पार्ट टू इंडस्ट्रियल एरिया है। हर रोज इस क्षेत्र में लगभग 3 लाख उद्यमियों व लेबर का आना जाना रहता है। सभी को शहर के अंदर से होकर गुजरना पड़ता है। बड़े वाहन भी शहर के अंदर से जाते हैं, क्योंकि सेक्टर 29 रोड की फ्लाईओवर से कनेक्टिविटी नहीं है। अगर सेक्टर 29 रोड की फ्लाईओवर से कनेक्टिविटी होती है तो उद्यमी व लेबर फ्लाईओवर का इस्तेमाल कर सीधा इंडस्ट्रियल एरिया में पहुंच सकते हैं। उन्हें शहर के अंदर से नहीं जाना पड़ेगा।
खादी आश्रम कट
अगर किसी व्यक्ति को बरसत रोड या सिविल अस्पताल की ओर जाना पड़ता है तो उसे शहर के अंदर से गुजरना पड़ता है। खादी आश्रम के सामने कट खुलने से लोग इसका इस्तेमाल कर सकते हैं और ऑस्कार अस्पताल के सामने फ्लाईओवर से नीचे उतरकर शहर में आ सकते हैं। इससे शहर को जाम से काफी राहत मिलेगी।
एनएचएआई अधिकारियों के साथ मीटिंग हुई है। मीटिंग शहर के जाम को खत्म करने के लिए की गई है, इसमें एनएचएआई अधिकारियों से फ्लाईओवर पर कट खोलने को लेकर चर्चा हुई है, ताकि शहर के लोग फ्लाईओवर का इस्तेमाल कर सकें। एनएचएआई के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द सभी सुझावों पर विचार विमर्श किया जाएगा।
-सुुशील सारवान, उपायुक्त, पानीपत