पानीपत। सक्षम स्कोर कार्ड के नतीजे घोषित हुए हैं, जिनमें पानीपत 82 प्रतिशत स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर आया है। मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी पराग जसवाल ने बताया कि विभाग की ओर से ई-विद्यालय, अध्यापक कॉम्पलियंस, ई-मेंटोरिंग, मेगा-सर्वे व सेट आदि के आधार पर नंबर दिए गए हैं।
जिला उपायुक्त सुशील सारवान ने बताया कि सक्षम सैल व शिक्षा विभाग द्वारा तमाम बिंदुओं के तहत स्कोर तैयार किया गया है। पिछले स्तर में जिला 14वें पायदान पर था लेकिन शिक्षा विभाग की मेहनत के कारण इस बार के स्कोर में दूसरे पायदान पर आया है। उन्होंने जिले के दूसरे पायदान पर आने का श्रेय जिले के तमाम शिक्षकों को दिया है।
उन्होंने कहा कि पानीपत के शिक्षक पूरी तन्मयता के साथ छात्रों को ऑनलाइन व ऑफलाइन पढ़ाई करवा रहे हैं। यही नहीं, शिक्षक स्वयं घर-घर जाकर यह भी जांच कर रहे हैं कि विद्यार्थियों को भेजा जाने वाला होमवर्क को सही तरीके से किया जा रहा है या नहीं। विभाग की ओर से जारी होने वाली तमाम हिदायतों का भी अच्छी तरह से पालन किया जाता है। जिले के स्कोर रैकिंग में दूसरे नंबर पर आने से सभी शिक्षकों में खुशी का माहौल है।
जिला शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार ने सभी शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि वह अपने कार्य के प्रति पूरी निष्ठा के साथ भविष्य में भी ऐसे ही लगे रहें ताकि पानीपत अगले स्तर में प्रथम स्थान प्राप्त कर सके और हर विद्यार्थी पढ़ाई में अव्वल होने के साथ-साथ नई तकनीकों से भी जुड़ सके।