पानीपत निवासी एक विधवा ने पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसने अपना धर्म छिपाकर और जान से मारने की धमकी देकर उससे शादी की। अप्राकृतिक यौन संबंध बनाए और दोस्तों के साथ संबंध बनाने का दवाब डाला। अब गर्भवती होने पर उसे घर से निकाल दिया है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने महिला की शिकायत पर पति समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। महिला ने बताया कि उसके पहले पति की 2017 में सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। जिससे तीन बच्चे है। पति की मौत के बाद वह घरों में साफ सफाई का काम करने लगी। इसी बीच जाटल रोड निवासी युवक उसका पीछा करने लगा। जिससे परेशान होकर वह मायके रायबरेली चली गई।
व्यक्ति वहां भी आ गया और उसे डरा-धमकाकर पानीपत ले आया। पानीपत लाते ही उसने पीटा और चाकू से वार किया। जान से मारने की धमकी देकर एक मरदसे में लेकर जाकर शादी कर ली, जहां पता चला कि उसका असली नाम दूसरा है। उसने अपना धर्म छिपाया। विरोध किया तो मारपीट की। अब गर्भवती होने पर उसे घर से निकाल दिया।
महिला ने बताया कि उसका पति नशे का आदी है और अपने दोस्तों के साथ भी संबंध बनाने के लिए दबाव बनाता है। उसने यह बात एक घर में काम करने के दौरान मालकिन को बताई। वह उसे थाने ले गईं और शिकायत कराई। महिला ने बताया कि एक बार पहले भी उसने मारपीट की शिकायत दी थी लेकिन गोल्डी ने जबरदस्ती उसके समझौते पर हस्ताक्षर करवा लिए थे।
महिला की शिकायत पर पति, सास व ससुर के खिलाफ अप्राकृतिक यौन संबंध, मारपीट करने व अन्य जुर्म की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है, मामले की गहनता से जांच की जा रही है, जांच में जो भी दोषी मिलेगा, उसको किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। - सुनील कुमार, मॉडल टाउन थाना प्रभारी।