पानीपत। ईडी के छापे के बाद प्रदेश समेत देशभर में फिर से सुर्खियों में आए धर्म सिंह छौक्कर 2019 में दूसरी बार विधायक बने हैं। वे पहली बार 2009 में हरियाणा जनहित कांग्रेस (हजकां-कुलदीप बिश्नोई) के टिकट पर चुनाव जीते थे। छौक्कर रातोंरात हजकां को झटका देकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा की अगुवाई में कांग्रेस में चले गए।
उनको सीपीएस बनाया गया था, लेकिन बाद में वापस ले लिया। हुड्डा राज में उनका कोई काम नहीं रुका। वे हुड्डा के करीबियों में शुमार थे। ईडी की रेड के बाद धर्म सिंह छौक्कर और उनके पुत्र सिकंदर फरार हैं। ईडी ने समालखा स्थित आवास पर तीसरे दिन बृहस्पतिवार को देररात करीब 11 बजे तक जांच की।
धर्म सिंह छौक्कर और उनके भाई इंद्र सिंह समेत तीन भाई पुलिस में थे। इंद्र सिंह छौक्कर ने पुलिस की नौकरी छोड़ने के बाद समालखा विधानसभा से राजनीति शुरू की। वे निर्दलीय चुनाव लड़ते थे। पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के कहने पर हजकां में शामिल हुए। उनके निधन के बाद धर्म सिंह छौक्कर ने उनकी विरासत संभाली। तब उन्होंने एक साल पहले ही पुलिस की नौकरी छोड़ी थी। वर्ष 2009 में वे विधायक बन गए। फिर हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस में शामिल हुए। उन पांच वर्षों में धर्म सिंह हुड्डा के सबसे करीबी रहे। उनका गुरुग्राम में रियल एस्टेट और अन्य कारोबार तेजी के साथ चले।
धर्म सिंह छौक्कर ने 2014 का चुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़ा, लेकिन निर्दलीय रविंद्र मच्छरौली से हार गए। इन पांच सालों में धर्म सिंह ने हलके में लगातार सक्रियता रखी और 2019 के चुनाव में भाजपा के शशीकांत कौशिक को हराया। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उस समय भाजपा की पूरी लहर थी और शशीकांत कौशिक के चुनाव में स्वयं मुख्यमंत्री मनोहर लाल और अमित शाह ने रैली की थी।
कोठी से लेकर गुरुग्राम तक रहे विवाद में
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार अल सुबह विधायक धर्म सिंह छौक्कर की समालखा कोठी पर पहुंची। यह कोठी महलनुमा है। विधायक की यह कोठी भी विवाद में चल रही है। आरोप है कि विधायक ने कांग्रेस राज में नक्शा पास कराकर कोठी बनाई है। आरटीआई कार्यकर्ता पीपी कपूर ने इस मामले की शिकायत भी की थी। माहिरा होम्स के नाम से कंपनी का मालिकाना हक भी धर्म सिंह छौक्कर का है। यही कारण है कि पिछले काफी समय से जिन लोगों ने माहिरा होम्स अफोर्डेबल फ्लैट में इंवेस्ट किया था। उन्हें अभी तक फ्लैट नहीं मिले हैं। इसी के चलते लगातार वह इसका विरोध भी कर रहे हैं। इस पूरे मामले में गुरुग्राम पुलिस ने विधायक के बेटे के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया था
विवादों में रहता है विधायक का बेटा
समालखा विधायक धर्म सिंह छौक्कर के बेटे का गुरुग्राम में रियल एस्टेट का काम है। उनकी कंपनी पर कई बार सवाल उठ चुके हैं। पिछले दिनों भी उनकी एक कंपनी के रास्ते के लिए विवाद था। विधायक और कंपनी के खातों की भी जांच चल रही थी। अब ईडी ने कोठी पर रेड की है।
राहुल गांधी के भी सीधे संपर्क में छौक्कर
समालखा हलका विधायक धर्म सिंह छौक्कर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के काफी नजदीकी बताए गए हैं। उनको पिछली बार मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव के प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी थी। पिछली बार उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी थी।