पानीपत। चैत्र नवरात्र शुरू होते ही वातावरण भक्तिमय हो गया है। चारों तरफ माता के जयकारों की गूंज सुनाई दे रही है। प्राचीन देवी मंदिरों में सुबह से शाम तक माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। बुधवार को नवरात्र का पांचवें दिन श्रद्धालुओं ने स्कंदमाता की पूजा अर्चना की। देवी मंदिर में दिन में तीन बार सुबह, शाम और शयन के समय माता की आरती की गई। आरती के समय सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर में उपस्थित रहते हैं।
प्राचीन सिद्ध देवी मंदिर के आचार्य लालमणि पांडेय ने बताया कि नवरात्र शुरू होते ही मंदिर में सामान्य दिनों की अपेक्षा श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने लगी है। बुधवार को नवरात्र का पांचवां उपवास स्कंदमाता का रहा।
सुबह ही श्रद्धालु माता का पूजन व दर्शन करने के लिए मंदिर में आने लगे। श्रद्धालुओं को पूजन के समय कोई समस्या न हो इसके लिए लाइन की व्यवस्था की गई है। ताकि सभी लाइन में लगकर अच्छे से अपनी पूजा-अर्चना कर सकें। मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए पेयजल की व्यवस्था भी की गई है। मंदिर में मुख्य आकर्षण का केंद्र विभिन्न फूलों से सजा माता का दरबार रहा। बच्चों को मोहित करने के लिए मंदिर समिति द्वारा मेले का आयोजन किया गया। जिसमें बच्चे झूलों की तरफ आकर्षित हो रहे हैं। मेले में खाने की व्यवस्था भी की गई है।
आचार्य लालमणि पांडेय ने बताया कि स्कंदमाता को प्रसन्न करने के लिए या देवी सर्वभूतेषु मातृ रूपेण संस्थिरता, नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम: मंत्र का जाप करना चाहिए।
इससे माता का आशीर्वाद भी प्राप्त होता है। वहीं मंदिर परिसर में मेले का आयोजन किया गया। जिसमें बच्चों व महिलाओं ने खूब आनंद लिया।