पानीपत। काबड़ी रोड स्थित अर्जुन नगर में शराब खुर्दे में शराब पीते वक्त एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थतियों में मौत हो गई। खुर्दा मालिक शव को कमरे में बंद कर फरार हो गया। लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में भिजवाया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को दे दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
अर्जुन नगर निवासी 52 वर्षीय मित्रपाल मजदूर था। मित्रपाल के छोटे भाई बुधराम ने बताया कि मित्रपाल पांच बच्चों का पिता था। तीन बेटियां शादीशुदा हैं। मित्रपाल शराब पीने का आदी थी। बुधवार तीन बजे वो घर से गया था। उसने अर्जुन नगर में ही एक खुर्दे में बैठकर शराब पी। उसके साथ तीन और व्यक्ति थे। शाम छह बजे उनके घर एक व्यक्ति आया उसने बताया कि उसका भाई मित्रपाल खुर्दे में बेसुध पड़ा है। वो वहां पर पहुंचा तो खुर्दे की बाहर की कुंडी लगी थी। खुर्दे में अंदर उसके भाई का शव पड़ा था। उसने पुलिस कंट्रोल रूम में इसकी सूचना दी। अब तक उसकी भाई के मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।