संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। ज्येष्ठ मास के चौथे बड़े मंगलवार पर शहर के हनुमान मंदिरों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह और शाम मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने सिंदूरी हनुमान को सिंदूर अर्पित कर सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की। कई स्थानों पर पानी की छबील और खीर के भंडारे का आयोजन भी किया गया।
मंगलवार तड़के करीब पांच बजे हनुमान मंदिरों में विशेष श्रृंगार के बाद कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। सुबह साढ़े पांच बजे से ही भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया। सनौली रोड स्थित भीम गोड़ा मंदिर और असंध रोड स्थित हनुमान मंदिर में सुंदरकांड पाठ और सामूहिक हनुमान चालीसा का आयोजन किया गया।
असंध रोड हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए खीर का भंडारा और पानी की छबील भी लगाई गई। हनुमान मंदिर के प्रमुख पुजारी पंडित सुरेंद्र शर्मा ने कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान हनुमान के सेवा भाव, निष्ठा और भक्ति को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भगवान हनुमान की तरह सच्ची श्रद्धा और समर्पण का भाव रखने से जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है। इसके बाद सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
चालीसा पाठ के उपरांत महिलाओं ने हनुमान भजनों का गुणगान किया तथा समापन पर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। वहीं, भीम गोड़ा मंदिर के पुजारी ने बताया कि मंदिर में नियमित रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया जाता है, जो सच्ची भक्ति और सेवा का संदेश देता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से हनुमान चालीसा की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।