हरियाणा के पानीपत जिले के मतलौडा कस्बे के कवी गांव में दो दोस्तों में चल रहे मनमुटाव पर राजीनामा कराने आए युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी। गाली देने का विरोध करने पर युवक को चाकू से गोद दिया। घायल को उपचार के लिए पानीपत के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया।
यहां से उसे कल्पना चावला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिर गंभीर हालत में उसे खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में पांच नामजद समेत आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फरार चल रहे आरोपियों को पुलिस खोज रही है।
गांव कवी निवासी विक्की ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोनीपत के गांव दातौली चिरसमी निवासी सतीश (28) सोमवार को गांव कवी में दोस्तों की सुलह कराने आया था। शाम करीब छह बजे वह जस्सू के खेत में बने कोठरे पर गया।
यह भी पढ़ें ः अंबाला: अधिकारियों को अब हर माह एनजीटी को देनी होगी जल, वायु और पॉल्ट्री प्रदूषण की कार्रवाई रिपोर्ट
गांव जोशी निवासी राजन बिहारी और साहिल के बीच मनमुटाव चल रहा था। राजीनामा करवाने के लिए साहिल ने सतीश को भी बुलाया था। इस मौके पर अमित, अंकित, मीनू समेत अन्य दोस्त भी मौजूद थे। राजीनामे की बातचीत के दौरान अमित ने साहिल को गाली दे दी। सतीश ने इसका विरोध किया तो कहासुनी बढ़ गई।
बताते हैं कि इसी बीच अमित ने चाकू से सतीश पर कई वार कर दिए। फिर घायल सतीश को छत से नीचे फेंक दिया। घायल सतीश ने अपने दोस्तों को कॉल कर कार मंगवाई, जो उसे पानीपत के सरकारी अस्पताल ले गए। सतीश की मां वेदों भी अस्पताल पहुंच गई।
इसके बाद उसे कल्पना चावला अस्पताल करनाल और फिर मेडिकल कॉलेज खानपुर ले जाया गया, लेकिन उसकी जान बच नहीं सकी। पुलिस ने विक्की की शिकायत पर साहिल, अंकित, अमित, मीनू और अमित की मौसी के लड़के एवं अन्य के खिलाफ हत्या समेत सात धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।