पुलिस ने केस दर्ज का जांच शुरू कर दी है।
- फोटो : संवाद
पानीपत की धागा फैक्टरी में श्रमिकों को आपस मे मजाक करना भारी पड़ गया। एक श्रमिक ने साथी श्रमिक की गूदा में प्रेशर पाइप से हवा भर दी, जिससे तबीयत बिगड़ने से श्रमिक की मौत हो गई। मृतक उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात का रहने वाला था। 15 दिन पहले ही फैक्टरी में काम करने पानीपत आया था। थाना सेक्टर-29 पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी श्रमिक, फैक्टरी के मालिक और सेफ्टी इंचार्ज के खिलाफ केस दर्ज किया है।
कानपुर देहात के भूप सिंह ने बताया कि उसका छोटा बेटा कन्हैया कश्यप 14 अप्रैल को पानीपत में फैक्टरी में काम करने के लिए आया था। वह यहां पर पसीना कलां में एक धागा फैक्टरी में मशीन चलाने का काम करता था। दो दिन पहले गांव का ही सिद्धू भी उनकी फैक्टरी में आया था। 26 अप्रैल की शाम लगभग आठ बजे सिद्धू ने कन्हैया की गूदा में प्रेशर पाइप लगाकर हवा भर दी। पेट मे अधिक हवा भरने के कारण उसकी तबीयत खराब हो गई। तुरंत उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पहले तो फैक्टरी के कर्मचारियों ने इस बात को दबाने का प्रयास किया। लेकिन शाम तक परिजनों को इसकी खबर लगी तो खलबली मच गई। सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा गया। जहां से चिकित्सकों ने शव का पोस्टमार्टम करने से इंकार कर दिया और शव को खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
उधर, पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर आरोपी श्रमिक फैक्टरी के मालिक और सेफ्टी इंचार्ज के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। थाना सेक्टर-29 प्रभारी सुभाष ने बताया कि केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।