हरियाणा के पानीपत जिले के समालखा में हथवाला रोड पर एक शिक्षक के मकान से लाखों के गहने और नकदी चोरी हो गए। मकान मालिक अपनी मां को लेने के लिए उत्तराखंड गया था। वह घर लौटा तो मकान का ताला टूटा हुआ था। अंदर से लाखों के सोने चांदी के जेवर समेत 15 हजार रुपये नकदी, राशन व अन्य सामान चोरी हो गए थे।
इसके बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत समालखा पुलिस को दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। समालखा निवासी गौरव शर्मा ने बताया कि वह एक शिक्षक है। उनका मकान समालखा के हथवाला रोड स्थित सीताराम कॉलोनी में है। वह मंगलवार को शाम 4:30 बजे परिवार के साथ अपनी मां को मामा के घर से लेने के लिए उत्तराखंड के रुड़की गया था। एक मार्च को सुबह तीन बजे घर लौटा तो मकान का ताला टूटा मिला।
खाली पड़े गहनों के बॉक्स।
अंदर जाकर देखा तो अलमारी का ताला भी टूटा था। घर के अंदर सामान बिखरा हुआ था। उन्होंने सामान चेक किया तो घर के अंदर से वर्षों की मेहनत से जोड़े गए गहने व नकदी गायब मिले। जिसमें तीन तोले सोने की सात अंगूठी, एक तोले सोने की चेन, 11 ग्राम सोने का गले का सेट, 5.2 ग्राम सोने का मंगलसूत्र, 4.4 ग्राम सोने के एक जोड़ी झुमके, 2.5 ग्राम सोने का लॉकेट, तीन जोड़ी पाजेब, 11 चांदी के सिक्के, 15 हजार रुपये नकदी, पांच हजार कीमत का राशन के अलावा अन्य सामान चोरी मिला।
उन्होंने तुरंत पुलिस को फोन किया, जिसके बाद मौके पर समालखा थाना पुलिस पहुंची। इसके बाद दिन में एफएसएल टीम ने भी मौके पर जायजा लिया। उन्होंने समालखा थाना की पुलिस को लिखित शिकायत दी है। जिसपर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिखरा पड़ा था सामान, दो चद्दरों को भी बांधा, छत से कुदकर भागने के प्लान का अंदेशा
गौरव शर्मा ने बताया कि जब वह घर पर आए तो दरवाजा खुला था, सब सामान बिखरा पड़ा था। वहीं पर दो चद्दरों की गांठ भी बंधी मिली। अंदेशा है कि चोरों ने वारदात के दौरान मकान मालिक के आने के डर से घर की छत से भागने के लिए ये दो चाद्दर बांधी हुई थी। लाखों के गहने और नकदी के अलावा अलावा ट्रॉली बैग, दो लैपटॉप बैग भी गायब मिले, जिसमें एक में कानों की बाली, ईयरबड्स, मैट्रो कार्ड आदि सामान था। एक में से डॉक्यूमेंट निकालकर फेंके हुए मिले।
परिवार की वर्षों की मेहनत की कमाई ले गए चोर
गौरव की मां संगीता शर्मा ने कहा कि बेटे-बहू व परिवार ने वर्षों से मेहनत कर सब सामान जोड़ा था, जिसपर चोरों ने पानी फेर दिया। चोरों ने वर्षों की मेहनत की कमाई को चुरा लिया। उन्होंने मामले में पुलिस से जल्द कार्रवाई कर चोरों को पकड़ने की मांग की।