चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका गिरोह काबू
- फोटो : पानीपत हरियाणा
एंटी स्नेचिंग स्टाफ ने शहर समेत जिले में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह को धर दबोचा है। तीनों बदमाश मतलौडा बस स्टैंड पर चोरी के योजना में थे। तीनों से बरामद दो मोटरसाइकिल भी चोरी की मिली है। पुलिस ने गिरोह को काबू कर पानीपत शहर समेत मतलौडा व समालखा में चोरी की छह वारदातों का खुलासा करने का दावा किया है। एंटी स्नेचिंग स्टाफ तीनों से गहनता के साथ पूछताछ कर रही है। पुलिस आरोपियों को शनिवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की कोशिश करेगी।
एंटी स्नेचिंग स्टाफ प्रभारी हरनारायण सिंह ने शुक्रवार को पत्रकारों के सामने चोर गिरोह को काबू करने का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि उनकी टीम मतलौडा बस स्टैंड के पास गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान उनको दो बाइकों पर सवार तीन युवकों के बारे में सूचना मिली। उन्होंने बस स्टैंड के पास दोनों बाइकों पर सवार तीनों युवकों से पूछताछ की। तीनों की पहचान राजीव व सागर निवासी गांव पाजू, जींद व कुलदीप निवासी गांव बरायन जींद के रूप में की। पुलिस जांच के दौरान तीनों के कब्जे से बरामद दोनों बाइक भी चोरी की मिली। सागर चोर गिरोह का सरगना है। उसी के अनुसार तीनों चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है और तीनों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेने का प्रयास करेगी।
इन वारदातों को कबूला
प्रभारी हरनारायण सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में पानीपत, मतलौडा व समालखा में चोरी की कई वारदातों को कबूल किया है। उन्होंने बताया तीनों ने अप्रैल माह में सेक्टर 13-17 व सेक्टर-छह में दो मकानों से लाखों की नकदी व सोने के गहने चोरी किए थे। इसी माह मतलौडा में भी एक मकान को निशाना बनाकर चोरी की थी। जून माह में समालखा से एक बीट कार व सेक्टर-25 में दो मकानों में चोरी की थी। 13 जुलाई को गोहाना में चोरी की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। वे सब 19 सितंबर को जमानत पर आ गए थे। 26 सितंबर को चोरी की बीट कार में सवार होकर जाकर रहे थे। गोहाना मोड़ के पास कार क्षतिग्रस्त हो गई थी। वे कार को छोड़कर फरार हो गए थे।
एंटी स्नेचिंग स्टाफ ने मतलौडा में तीन चोरों को गिरफ्तार किया है। तीनों ने शहर समेत जिले में चोरी की छह वारदातों को अंजाम देने के आरोप कबूल किए हैं। आरोपियों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेने और उनके चोरी का सामान बरामद करने की कोशिश करेगी।
हरनारायण सिंह, प्रभारी, एंटी स्नेचिंग स्टाफ