पानीपत रिफाइनरी के पास बारातियों की एक स्कार्पियो गाड़ी और तेल के टैंकर की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। जिसमें हिसार के कागसर गांव निवासी दूल्हे के चचेरे भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कार्पियो के ड्राइवर समेत आठ बाराती घायल हो गए। वे सब कोहंड, करनाल से वापस लौट रहे थे। इनमें से चार बारातियों की हालत गंभीर बनी हुई है। आठों घायलों को शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। बोहली चौकी पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम को रिफाइनरी के पास स्कार्पियो गाड़ी और तेल एक टैंकर की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में स्कार्पियो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। जिसमें सवार हिसार के कागसर निवासी रामकेश (25) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सुरेश, अंकित, अमित, सतीश, विकास, टिंकू, इमरान व ड्राइवर राजेश उर्फ नानू घायल हो गए। दूसरी गाड़ियों में सवार बारातियों ने सबको बाहर निकाला और उनको शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया। छाजपुर निवासी सोनू ने बताया कि उसके मामा हिसार के कागसर गांव में हैं। वहां से मंगलवार को कोहंड बारात आई हुई थी। जिसमें उसके मामा का लड़का भी आया हुआ था। वे सब मंगलवार शाम को बारात से वापस अपने गांव जा रहे थे। रिफाइनरी के पास पुलिया पर स्कार्पियो की टक्कर एक टैंकर के साथ हो गई। इनमें से ड्राइवर राजेश व सुरेश समेत चार गंभीर बने हुए हैं। इन चारों को गंभीरावस्था के चलते आईसीयू में दाखिल कराया गया है। वहीं हादसे के बाद शादी की खुशियों में भी विघ्न पड़ गया। उन्होंने बताया कि मरने वाला दूल्हे संत गिरी का चचेरा भाई था और बाकी उसके दोस्त थे। बोहली चौकी प्रभारी ने बताया कि पुलिस हादसे की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। इस मामले में दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और शव को शवगृह में रखवा दिया है।