अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। पुलिस अधिकारी शहर में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने का दावा कर रहे हैं। इन सबके बीच बदमाश हर रोज थानों और चौकियों के नजदीक वारदात कर रहे हैं। दो बाइक सवार बदमाशों ने रविवार को दिनदहाड़े थाना शहर के सामने और बस स्टैंड चौकी से चंद कदम की दूरी पर न्यू सुखदेव नगर में वारदात कर दी। न्यू सुखदेव नगर में अपने घर के बाहर सब्जी खरीद रही महिला के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र झपट लिया गया। जाटल रोड पर आठ मरला और किशनपुरा चौकी के बीच में एक व्यक्ति को लूट लिया गया। अब जीआरपी मामले की शिकायत न आने की बात कहकर टाल रही है।
केस-1
न्यू सुखदेव नगर निवासी सपना ने बताया कि उसके पति जितेंद्र की इंसार बाजार में बुक शॉप है। वे रविवार को अपनी दुकान पर गए हुए थे। दोपहर करीब एक बजकर पांच मिनट पर वह अपनी सास वीना देवी के साथ घर के बाहर सब्जी खरीद रही थी। तभी बाइक सवार दो बदमाश आए और उसके गले से सोने की चेन, मंगलसूत्र झपटकर भाग गए। उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर आ गए। पीड़ित महिला ने मामले की शिकायत बस अड्डा चौकी पुलिस को दी है। महिला ने बताया कि दोनों का वजन करीब डेढ़ तोले था।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
महिला से चेन स्नेचिंग की वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी फुटेज देख रही है। इस बारे में बस अड्डा चौकी प्रभारी सुनील कुमार का कहना है कि न्यू सुखदेव नगर वाली गली में महिला के गले से चेन झपटने की सूचना मिली थी। मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में वारदात कैद हो गई है। बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है। शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
केस-2
खटीक बस्ती निवासी योगेंद्र किशनपुरा स्थित एक फैक्ट्री में काम करता है। वह शनिवार रात को गोहाना रोड से सामान खरीदकर रेलवे लाइन के साथ-साथ पैदल घर जा रहा था। उसके थोड़ी पीछे एक युवक भी आ रहा था। जब वह जाटल रोड फ्लाईओवर के नीचे पहुंचा, तभी पीछे चल रहे युवक ने उसको पकड़ लिया। वहां पहले से खड़े उसके दो अन्य साथी भी पहुंच गए। आरोप है कि तीनों ने उसे पीटकर उसका मोबाइल फोन और पर्स लूट लिया। पर्स में करीब चार हजार रुपये थे। वारदात के बाद बदमाश भाग गए। इसके बाद वह जीआरपी थाने पहुंचा और मामले की शिकायत दी। दूसरी ओर जीआरपी अधिकारी इस प्रकार की शिकायत मिलने की बात से इनकार कर रहे हैं। हम बता दें कि रेलवे लाइन के एक तरफ आठ मरला और दूसरी तरफ किशनपुरा पुलिस चौकी है। मामला जीआरपी के अंतर्गत आता है। जीआरपी थाना प्रभारी बृजपाल सिंह राणा का कहना है कि शनिवार की रात को उनके पास किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत आने पर कार्रवाई की जाएगी।
अब तक ये हुईं वारदात
03 जनवरी 2017 को चंदौली में मोबाइल दुकानदार पर फायरिंग कर लूटने की कोशिश। दोनों बदमाशों को लोगों ने दबोचा।
02 फरवरी को लाल बत्ती चौक के पास रिटायर्ड हेड कांस्टेबल से 15 हजार रुपये ठगे।
13 फरवरी 2017 को भगत सिंह एन्क्लेव निवासी उद्यमी पर हमला कर मोबाइल और 80 हजार रुपये छीने।
01 मार्च 2017 को सेक्टर 11/12 में ग्रामीण विधायक की कोठी से चंद कदमों की दूरी पर महिला के गले से चेन झपटी।
02 मार्च 2017 को काबड़ी रोड फैक्ट्री में चौकीदार को बंधक बनाकर पांच लाख रुपये कीमत के सामान की डकैती
03 मार्च 2017 को लालबत्ती चौक के पास से बुजुर्ग से ठगे दस हजार रुपये।
वर्जन
पुलिस अपना काम इमानदारी के साथ कर रही है। सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में गश्त करने के निर्देश दिए हुए हैं। चेन स्नेचिंग करने वालों की पुलिस तलाश कर रही है।
आत्माराम, डीएसपी सिटी, पानीपत।