पानीपत-रोहतक नेशनल हाईवे पर डाहर टोल के पास उल्टी दिशा में जा रहे एक ट्राला चालक से मोटरसाइकिल सवार को सीधी टक्कर मार दी और रौंदते हुए आगे निकल गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दुसरा युवक बाल-बाल बच गया। चालक हादसे के बाद ट्राला छोड़कर मौके से फरार हो गया। थाना इसराना पुलिस ने ट्राला चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। युवक की मौत के बाद परिवार व गांव में मातम छा गया।
हादसा शुक्रवार देर शाम को पानीपत-रोहतक नेशनल हाईवे पर डाहर टोल के पास हुआ। मिली जानकारी के अनुसार सोनीपत के बलीकुतुबपुर गांव निवासी राजबीर अपनी बुआ के लड़के रविंद्र निवासी बरौदा के साथ मोटरसाइकिल पर पानीपत से अपने गांव वापस जा रहा था। डाहर टोल प्लाजा के पास सामने से एक ट्राला आ गया। राजबीर ने ट्राले से बचने के लिए मोटरसाइकिल को सड़क से नीचे उतार दिया, लेकिन ट्राला चालक ने उसको बचाने की बजाय उसको सीधी टक्कर मार दी। राजबीर टक्कर लगते ही ट्राले के नीचे आ गया, जबकि रविंद्र दूसरी तरफ जा गिरा। राजबीर की छाती के ऊपर से टायर उतरने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। ट्राला चालक मौका पाकर ट्राले को छोड़कर फरार हो गया। थाना इसराना पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी और परिजनों की शिनाख्त करने के बाद शव को शवगृह में रखवाया।
थाना इसराना पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर ट्राला चालक के खिलाफ कई धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया और शनिवार को पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। पिता सुलतान सिंह ने बताया कि राजबीर खेती बाड़ी करता था और वह दो बेटियों का पिता था। उसकी मौत के बाद दोनों बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया। राजबीर की पत्नी व परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि राजबीर परिवार के सदस्यों में सबसे मिलनसार व्यवहार का था। वह गांव के हर व्यक्ति के सुख व दुख में आगे रहता था। राजबीर की मौत के बाद ग्रामीणों में भी मातम सी स्थिति है।
डाहर टोल के पास पानीपत से आ रहे मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को ट्राला चालक ने उल्टी दिशा में जाते वक्त सीधी टक्कर मार दी। जिसमें सोनीपत के बलीकुतुबपुर निवासी राजबीर की मौत हो गई, जबकि उसकी बुआ का लड़का रविंद्र बाल-बाल बच गया। पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर ट्राला चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की धरपकड़ तेज कर दी है।
जितेंद्र सिंह एएसआई, जांच अधिकारी, थाना इसराना पुलिस।