हेलो, गौरव बोल रहा है क्या, जहां तेरा शादी के लिए रिश्ता हुआ है, उससे इनकार कर दे, नहीं तो तुझे गोली मार दूंगा।
कुछ तरह से खोजकीपुर गांव के युवक को फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। पीड़ित ने मामले की शिकायत बापौली थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
बापौली थाना के खोजकीपुर खुर्द निवासी कृष्ण ने बताया कि उसके बेटे गौरव का समालखा के जीटी रोड के लगते एक गांव में शादी तय हुई है। शनिवार शाम करीब पांच बजे खेत पर गया था। इसी दौरान उसके पास एक मोबाइल नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने गौरव से पूछा कि वह किस कॉलेज में पढ़ता है और किस टाइम कॉलेज के लिए आता-जाता है।
पिता कृष्ण ने बताया कि फोन करने वाले ने धमकी दी कि जिस जगह शादी के लिए रिश्ता तय हुआ है, वहां से इनकार कर दें, नहीं तो कॉलेज आते या जाते समय समालखा पुल के नीचे तुझे गोली मार दूंगा। खेत से लौटने पर गौरव ने इसकी जानकारी परिजनों को दी।
इसके बाद उसी नंबर पर फोन कर पूछा तो धमकी देने वाला गाली गलौच करने के साथ जान से मारने की धमकी देने लगा। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि धमकी देने वाले युवक ने रात करीब 9:45 बजे तीसरी बार फोन कर कहा कि जिंदा रहना है तो अपना रिश्ता तोड़ देना, नहीं तो तुझे कोई नहीं बचा सकता। इस बारे में एएसआई राजेश कुमार ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।