गांव किवाना में मंगलवार को किसान की उसी के खेत में गला घोंटकर हत्या कर दी गई। उसका शव खेत में बने कोठरे से मिला है। हत्या की सूचना पर एसपी, थाना समालखा प्रभारी व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से नमूने एकत्रित किए। पुलिस केे प्राथमिक जांच में किसान के गले में रस्सी के निशान मिले हैं। उसके मुंह व नाक से खून निकला हुआ था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
गांव किवाना निवासी कृष्ण (42) रजवाहे के पास स्थित खेत में बने कोठरे में रहता था। कृष्ण के भाई राजेश ने बताया उसका भाई ज्यादा समय खेत में ही रहता था। सोमवार को करीब छह बजे वह खेत में नजर आया था, लेकिन रात करीब आठ बजे खेत में बने कोठरे पर ताला लगा हुआ था। सुबह गांव के ही एक किसान श्याम सिंह ने कोठरे में कृष्ण को मृत हालत में देखा। जिसके बाद परिजनों व पुलिस को सूचना दी। किवाना के खेत में किसान की हत्या की सूचना मिलने पर एसपी राहुल शर्मा, थाना समालखा प्रभारी नरेंद्र सिंह व एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकि से मौका मुआयना किया। एफएसएल की टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।
किसने और क्यों की किसान की हत्या
कृष्ण के भाई ने बताया कि कृष्ण छह भाइयों में चौथे नंबर का है और अविवाहित था। कृष्ण का ज्यादातर समय खेत में ही व्यतीत होता था। वह खाना खाने घर आता था। जिस दिन नहीं आता था, खाना खेत में ही पहुंचाते थे। उसने बताया कि कृष्ण की गांव में किसी से कोई दुश्मनी नहीं है, फिर उनकी हत्या किसने और क्यों की, यह उनकी भी समझ में नहीं आ रहा।
गांव किवाना में खेत में बने कोठरे में एक किसान का शव मिला है। उसके गले पर निशान मिले हैं। मुंह पर भी चोट के निशान हैं। परिजनों के बयान के आधार पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जाएगी। ताकि हत्यारोपी की पहचान कर उसे काबू किया जा सके।
नरेंद्र दहिया, प्रभारी, थाना समालखा।