जाटल रोड शास्त्री कॉलोनी स्थित कॉटन के एक गोदाम में आग लग गई। आग भड़कने के बाद पास में ही बैठे करीब आधा दर्जन लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। बताया जा रहा है कि वे सब गोदाम के पास में आग जलाकर सर्दी में हाथ ताप रहे थे। इसी समय एक चिंगारी गोदाम तक जा पहुंची। दमकल की सात गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन, तब तक गोदाम में रखा सारा माल जलकर राख हो चुका था। दूसरी घटना जीटी रोड झट्टीपुर के पास स्थित एक फैक्ट्री में हुई। यहां पर भी आग ने कुछ देर में विकराल रूप धारण कर लिया। फैक्ट्री के अधिकारी और कर्मी आग लगते ही दौड़कर बाहर निकला आए। दमकल विभाग की छह गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। फैक्ट्री और गोदाम में लगी आग में कोई हताहत नहीं हुआ है। दोनों स्थानों पर हुई घटनाओं में लाखों का नुकसान हो गया। गोदाम व फैक्ट्री में आग पर काबू पाने के किसी तरह के पुख्ता प्रबंध नहीं पाए गए।
अलाव की चिंगारी से राख हुआ गोदाम
जाटल रोड शास्त्री कॉलोनी में वेस्ट का गोदाम है। बताया जा रहा है कि सुबह सर्द हवाओं से बचने के लिए लोगों ने गोदाम के पास आग जलाई हुई थी। यहां से एक चिंगारी उड़कर वेस्ट के गोदाम तक पहुंच गई। कुछ ही देर में गोदाम में रखा माल धू-धूकर जल उठा। अलाव ताप रहे लोग यह देख मौके से भाग निकले। कॉटन में लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम से आग की लपटें निकलने लगीं। आसपास के लोगों गोदाम मालिक यशपाल को इसकी सूचना दी। उन्होंने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। दमकल विभाग की एक के बाद एक सात गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। दमकल कर्मचारियों ने करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक गोदाम में रखा सारा सामान और शेड जल चुका था। यशपाल का कहना है कि आग के कारण उसको लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
ओम ओवरसीज में फिर आग
गांव झट्टीपुर के पास स्थित ओम ओवरसीज में वीरवार सुबह करीब सात बजे अचानक आग लग गई। आग भड़कने पर वहां काम कर रहे कर्मचारी दौड़ कर बाहर आ गए। उन्होंने आग की सूचना फैक्ट्री मालिक अमित और अनिल को दी। फैक्ट्री मालिकों ने दमकल विभाग को सूचित किया। दमकल विभाग की गाड़ियां जब तक मौके पर पहुंचीं, तब तक आग फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले चुकी थी। दमकल विभाग की करीब छह गाड़ियाें ने सात घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फैक्ट्री मालिक का कहना है कि आग के कारण फैक्ट्री में रखा कच्चा और तैयार माल, मशीनरी, वैक्यूम प्रेशर, इलेक्ट्रोनिक सामान और शेड जलकर राख हो गए। आग के कारण करीब दस लाख रुपये का नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि इस फैक्ट्री में पहले भी आग लग चुकी हैं।
सिक्योरिटी और हेल्थ विभाग गहरी नींद में सोया
कुराड़ गांव स्थित एवीएस स्पिनिंग मिल में आठ श्रमिकों के जिंदा जलने के बाद श्रम विभाग की सिक्योरिटी और हेल्थ विंग गहरी नींद में है। प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी फैक्ट्री का मौका मुआयना कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए थे। लेकिन, अधिकारियों के तबादले और सस्पेंड के सिवाय कुछ नहीं हो सका। आज भी सब कुछ पुराने ढर्रे पर चल रहा है।