जेई को बंधक बनाकर पीटने के मामले में पुलिस ने रूप बदलकर वाल्मीकि बस्ती में छापा मारा और एक आरोपी को दबोच लिया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास भी पुलिस ने तेज कर दिए हैं। पकड़े गए आरोपी को अदालत में पेश किया गया।
वहां से आरोपी को 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। फेस लेस चेकिंग के तहत वाल्मीकि बस्ती में बिजली चोरी पकड़ने गए सनौली सब डिविजन के जेई श्रीकृष्ण को बस्ती के कुछ लोगों ने पीट दिया था। जेई को गंभीर चोट आई थी।
उनका पीजीआई खानपुर में उपचार चल रहा है। इस मामले में थाना चांदनी बाग पुलिस ने आरोपी सतीश, विनोद सहित पांच अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। थाने के अंतर्गत आने वाली बलजीत पुलिस चौकी प्रभारी बलबीर सिंह पिछले तीन दिनों से आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रहे थे।
उन्हें सूचना आरोपियों के संबंध में सूचना मिली तो वे रूप बदलकर वाल्मीकि बस्ती पहुंचे और एक आरोपी घोड़ी वाले के नाम से मशहूर शिवचरण को दबोच लिया। पुलिस ने अन्य आरोपियों के घरों सहित वाल्मीकि बस्ती में कई स्थानों पर छापे मारे,
लेकिन वे हाथ नहीं आए। बलजीत नगर चौकी प्रभारी बलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने जेई पर हमला करने के मामले में एक आरोपी शिवचरण को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।