हल्दौर में गांव कूकड़ा में दो शराबी युवकों ने कांवड़ लेकर घर पहुंचे युवक के घर में रात में जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से अभद्रता की। गांव कूकड़ा निवासी दीपक कुमार हरिद्वार से कांवड़ लेकर आया था। शुक्रवार रात उसके घर में महिलाओं ने भजन कार्यक्रम रखा था। आरोप है कि गांव के दो युवक शराब के नशे में धुत्त होकर जबरन घर में घुस गए। महिलाओं से बदसलूकी कर उन्होंने उत्पात शुरू कर दिया। पीड़ित पक्ष ने थाने पहुंचकर शिकायत पुलिस से की। प्रभारी निरीक्षक संजय गर्ग का कहना
है कि इस मामले में कोई तहरीर नहीं आई है।
उधर, हल्दौर क्षेत्र के गांव कान्हा नांगल निवासी हिमांशु ट्रैक्टर ट्रॉली से बिलाई शुगर मिल में गन्ना डालने गया था। लौटते समय गांव नांगलजट निवासी तीन युवकों ने तमंचे के बल पर उसे रोका और विरोध करने पर लाठी-डंडे से मारपीट शुरू कर दी। हिमांशु का पिता मौके पर पहुंचा और उसका उपचार के बाद थाने पहुंचकर मामले की तहरीर पुलिस को दी। उधर, थाना प्रभारी निरीक्षक ने तहरीर की जानकारी से इनकार किया है।