हरियाणा के पानीपत के नौल्था गांव में शराब नहीं मिलने पर लोगों ने ठेकेदार के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि ठेका विस चुनाव का प्रचार बंद होने के साथ बंद कर दिया था। स्थानीय लोग शराब की मांग को लेकर ठेके पर पहुंच गए थे। ठेकेदार ने शराब नहीं दी तो उसके साथ एक दर्जन लोगों ने मारपीट कर दी।
नौल्था गांव में वीरवार देर शाम शराब ठेका बंद होने के बाद एक युवक ठेके पर शराब लेने पहुंचा। ठेकेदार ने शराब देने से मना कर दिया। जिससे खफा युवक ने अन्य युवकों के साथ मिलकर कारिंदे पर हमला कर दिया।
रजनीश वासी बजाना खुर्द ने थाना इसराना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वीरवार को चुनाव प्रचार थमते ही शराब ठेके भी बंद हो गए थे। देर शाम ठेके के पास कोई युवक आया और शराब की पेटी की मांग की। उसके मना कर दिया। इसके कुछ देर बाद वह करीब एक दर्जन युवकों के साथ पहुंच गया।
युवकों ने उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। उन्होंने छुपकर अपनी जान बचाई। थाना इसराना पुलिस के प्रभारी देवेंद्र ने बताया है कि रजनीश की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है।