‘हर रोज करता है छेड़छाड़, लोकलाज के डर से मैंने जहरीला पदार्थ निगल लिया है’
सबहेड- अस्पताल ले जाते समय रास्ते में छात्रा ने परिजनों को बताया खुदकुशी का कारण
पुलिस का दुर्गा अभियान शहर तक सिमटा रहा, गांव में हालात हो रहे बद्तर
गांव छाजपुर स्थित आरोही स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ती थी छात्रा
परिजनों के देख लेने पर छत के रास्ते कूदकर भागा आरोपी युवक
लोकलाज के भय से छात्रा ने निगला जहरीला पदार्थ, अस्पताल में मौत
फोटो -23 व 24
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। कुराड़ गांव निवासी 12वीं की छात्रा गांव के ही युवक की छेड़छाड़ से बेहद तंग थी। उसने अस्पताल जाते समय परिजनों को बताया कि मोहित उसे रोजाना तंग करता था और छेड़छाड़ करता था। इससे तंग आकर और लोकलाज के भय से उसने जहरीला पदार्थ निगला है। परिजनों ने बताया कि आरोपी उसका स्कूल आते-जाते समय पीछा करता था। वह आरोपी को कई बार खुद, जबकि एक बार उसके दादा चेतावनी भी दे चुके थे। छात्रा पढ़ाई बंद करा दिए जाने के डर से इस बारे में अपने माता-पिता को कुछ नहीं बता सकी।
दूसरी तरफ, पुलिस का ऑपरेशन दुर्गा भी शहर की सीमा तक ही सीमित है। गांव में हालात जस के तस हैं और उसका ही नतीजा है कि छात्रा ने मनचले की छेड़छाड़ से तंग आकर आत्महत्या कर ली। इससे पुलिस के दावों की हकीकत सामने आ गई है। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है। थाना सनौली पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर पहले 306 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। बाद में इसमें धारा 452 और पोक्सो एक्ट भी जोड़ दिया गया। पुलिस दावों के बाद भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई।
दो साल से दादा-दादी के पास अकेले रह रही थी
बारहवीं कक्षा की छात्रा (17) अपने दादा और दादी के साथ रहती थी।राखी के पिता, दूसरी मां, दो भाई करीब दो साल से बबैल रोड दुर्गा कॉलोनी में रहते हैं। पिता एक निजी घी कंपनी में मार्केटिंग मैनेजर है। वह कंपनी के काम से अक्सर बाहर रहता है। इसलिए घर पर आना-जाना कम ही रहता है।
झुंड में बैठे मनचले करते थे छेड़छाड़
छात्रा ने अपने दादा और चाचा को बताया था कि गांव का ही मोहित झुंड में बैठा रहता है। वह अक्सर आते-जाते उससे छेड़छाड़ करता है। परिजनों ने मोहित के घर जाकर इसकी शिकायत उसके परिजनों से की थी। साथ ही भविष्य में ऐसा करने पर पुलिस से शिकायत करने की चेतावनी भी दी थी। इसके बाद भी आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। इसके बाद भी आरोपी का दुस्साहस बढ़ता ही गया। आरोप है कि बुधवार रात को छात्रा के घर में अकेला होने की जानकारी होने पर वह छत के रास्ते उसके कमरे में घुस गया।
सात साल पहले हो चुकी है मां की मौत
छात्रा जब दस साल की थी, तब उसकी मां रीना की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। छात्रा और उसके छोटे रोबिन की देखभाल के लिए पिता ने दूसरी शादी कर ली। दूसरी मां से भी एक लड़का हुआ, जो आठ माह का है। छात्रा अपनी दूसरी मां के बजाय अपने दादा-दादी के पास रहती थी।
दो किलोमीटर तक हुई बात, छात्रा बोली तंग करता था मोहित
मनचले युवक के तंग करने और देर रात घर में घुसकर छेड़छाड़ से परेशान छात्रा ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। इसके बाद उसे शहर के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। परिजनों का कहना है कि करीब दो किलोमीटर तक छात्रा ने बात की, उसके बाद वह बेहोश हो गई। इस दौरान उसने बताया कि मोहित उसे रोजाना तंग करता था और छेड़छाड़ करता था। इससे तंग आकर और लोकलाज के भय से उसने जहरीला पदार्थ निगला है।
पुलिस का दुर्गा अभियान के तहत मनचलों पर कार्रवाई का दावा
जिला पुलिस ने एक से 15 मई तक जिले में ऑपरेशन दुर्गा चलाया। इसके तहत दो टीम तैयार की। एक टीम की कमान महिला सेल इंचार्ज सुनीता, जबकि दूसरी टीम की कमान महिला थाना प्रभारी कविता के हाथ में थी। दोनों टीमों ने 15 दिन तक जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के बाहर सादी वर्दी में महिला पुलिस कर्मचारियों को तैनात कर मनचलों पर शिकंजा कसा। अभियान के दौरान जिले में करीब 670 मनचलों को पकड़ा और माफी मांगने पर भविष्य में इस प्रकार की गलती न दोहराने की बात कहने पर ही छोड़ा गया। दोनों टीमों ने 317 मनचलों के वाहनों के चालान किए। चार मामलों में मनचलों के परिवार वालों को बुलाकर उनके लड़के की करतूतों के बारे में बताया और माफी मांगने के बाद ही इन्हें छोड़ा।
नांगल खेड़ी स्कूल की छात्राएं कह चुक हैं छेड़छाड़ की बात
नांगल खेड़ी की छात्राएं लंबे समय से गांव स्थित सरकारी स्कूल को दसवीं से अपग्रेड कर 12वीं कक्षा तक करने की मांग कर रही हैं। छात्राओं ने गत दिनों स्कूल पर ताला भी जड़ा था। ग्राम पंचायत सरपंच सुमन मलिक ने खंड शिक्षा अधिकारी सतपाल के आश्वासन और स्कूल अपग्रेड की फाइल खुद देखने के बाद छात्राओं को आश्वासन दिया था। छात्राओं ने बताया था कि गांव सिवाह और किशनपुरा में आगे की पढ़ाई करने जाती हैं। वहां जाते समय छेड़छाड़ की आशंका रहती है। इन कारणों की वजह से ही छात्राएं स्कूल अपग्रेड कराने के लिए मैदान में उतर रही हैं।
छात्रा द्वारा आत्महत्या करने का मामला चिंताजनक
अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की सचिव पायल ने बताया कि कुराड़ गांव में छात्रा के छेड़छाड़ से तंग आकर आत्महत्या करना चिंताजनक है। संगठन गांव में जाकर पीड़ित परिवार से मिलेगा। किशोरियों को इस तरह के कदम उठाने से पहले अपने माता-पिता को पूरी जानकारी दे देनी चाहिए। वे अपने परिजनों को किसी तरह की जानकारी देने में घबराती हैं तो महिला हेल्पलाइन या फिर किसी संगठन की मदद ले सकती हैं।
सीधी बात :जगदीप दूहन डीएसपी हैडक्वार्टर पानीपत।
सवाल : पुलिस के ऑपरेशन दुर्गा का कितना असर हुआ।
जवाब : स्कूल, कॉलेजों, बस स्टैंड, कोचिंग सेंटर के बाहर दुर्गा अभियान के तहत मनचलों को पकड़ा और माफी मांगने के साथ ही भविष्य में गलती न दोहराने का वादा करने पर उन्हें छोड़ा गया। अभियान का व्यापक असर दिखाई दे रहा है।
सवाल : क्या यह अभियान केवल शहर के लिए ही था।
जवाब : ऑपरेशन दुर्गा का उद्देश्य छात्राओं और युवतियों को सुरक्षित माहौल प्रदान करना है। ग्रामीण क्षेत्रों से भी छात्राएं स्कूल-कॉलेजों में आती हैं। इसलिए स्कूल, कॉलेजों और कोचिंग सेंटरों के आस-पास विशेष तौर पर यह अभियान चलाया गया।
सवाल : ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाली छेड़छाड़ को रोकने के लिए क्या प्रबंध किए हैं।
जवाब : ग्रामीण क्षेत्रों में यदि कोई किसी छात्रा या युवती से छेड़छाड़ करता है या उसे तंग करता है तो इसकी शिकायत महिला हेल्पलाइन नंबर पर की जा सकती है। उस पर तुरंत एक्शन लिया जाता है।
सवाल : गांव कुराड़ में छेड़छाड़ से तंग आकर 12वीं कक्षा की छात्रा ने आत्महत्या कर ली। इस मामले में पुलिस ने क्या कार्रवाई की हैं। जवाब : गांव कुराड़ में छेड़छाड़ से तंग आकर छात्रा ने आत्महत्या की है। इसकी जांच डीएसपी समालखा और सनौली थाना पुलिस कर रही है। इसमें मुकदमा दर्जकर आरोपी को पकड़ने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
सवाल : ग्रामीण क्षेत्रों में मनचले झुंड में लड़कियों से छेड़छाड़ करते हैं। इनके खिलाफ भी कोई अभियान चलाया जाएगा।
जवाब : यदि किसी गांव में इस प्रकार की घटनाएं हो रही हैं तो उसकी शिकायत की जानी चाहिए। बिना शिकायत किए, कैसे इन घटनाओं कोका पता लगेगा। कहीं पर भी यदि लड़कियों से छेड़छाड़ होती है या उन पर कोई कमेंट करता है तो हेल्पलाइन नंबर पर इसकी शिकायत की जा सकती है। शिकायतकर्ता चाहे तो उसका नाम भी गुप्त रखा जाता है।