प्रेम विवाह के दो साल बाद विवाहिता पर देह व्यापार का दबाव बनाने और मना करने घर की छत से फेंकने का मामला सामने आया है। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घायल विवाहिता को पहले निजी और फिर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। मामला हरियाणा के पानीपत का है। शिकायत पर सेक्टर 11-12 चौकी पुलिस ने महिला के पति, सास, ससुर और बुआ के खिलाफ केस दर्ज किया है।
28 वर्षीय विवाहिता ने बताया कि दो साल पहले उसकी शादी न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के युवक के साथ हुई थी। शादी के बाद उन्हें एक लड़का हुआ। आरोप है कि शादी के बाद से उसके पति का व्यवहार बदल गया और वह सट्टा खेलने व शराब पीने का आदी हो गया। सट्टे में रुपये हारने के बाद वह मायके से पैसे लाने का दबाव बनाने लगा।
कई बार विवाहिता ने अपने परिजनों से रुपये लेकर दिए भी। बाद में रुपये लाने से मना करने पर देह व्यापार का दबाव बनाने लगा। आरोप है कि बुधवार शाम को पति व ससुराल पक्ष के लोगों ने उसको कैंची और डंडों से बुरी तरह पीटा। वह जान बचाकर ऊपर कमरे में भागी तो आरोपी वहां भी आ गए। फिर आरोपियों ने उसे छत से नीचे फेंक दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।