मेडल व प्रमाण पत्र के साथ अंजली। फाइल फोटो।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के पानीपत में जीटी रोड पर टोल प्लाजा के पास ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में ताइक्वांडो की राष्ट्रीय खिलाड़ी और उनके ताऊ दोनों बाइक से नीचे गिर गए। इसके बाद आरोपी ट्रक चालक ने खिलाड़ी अंजलि को कुचल दिया और ट्रक छोड़कर फरार हो गया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसा शनिवार की शाम चार बजे के करीब हुआ, जब अंजलि सेक्टर-13-17 में प्रदेश स्तरीय तीज महोत्सव से अपने ताऊ संग घर लौट रही थी। छह दिन पहले ही उसने हांसी में स्वर्ण पदक जीता था। हादसा शनिवार सायं करीब चार हुआ।
गांव काबड़ी निवासी राजेश ने बताया कि वह शनिवार को सेक्टर 13-17 में प्रदेश स्तरीय तीज महोत्सव में शामिल होने गया था। घर लौटते समय दोपहर तीन बजे तीज महोत्सव में उसकी भतीजी अंजलि (18) पुत्री रविंद्र मिली। वह भतीजी को मोटरसाइकिल पर बैठाकर घर लौट रहा था। जीटी रोड टोल प्लाजा पर सीताराम पेट्रोल पंप पर मोटरसाइकिल में पेट्रोल डलवाने गया।
इसके बाद जब टोल प्लाजा के पास पहुंचा तो पीछे से एक तेज रफ्तार ट्रक लापरवाही से चलाता आया और उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। वे दोनों सड़क पर गिर गए और ट्रक का पहिया उसकी भतीजी अंजलि के ऊपर से गुजर गया, जबकि दूसरी साइड गिरने की वजह से वह बच गया।
किसी तरह भतीजी को ट्रक से निकालकर सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचा। जहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सेक्टर 13-17 थाना पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।
मुफलिसी में जी रहे परिवार की आर्थिक तंगी दूर करना चाहती थी अंजलि
पिता रविंद्र ने बताया कि वह ट्रैक्टर चलाकर मेहनत-मजदूरी करता है। उसके पांच बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और तीन बेटी हैं। सबसे बड़ी बेटी अंजलि थी, जो शनिवार को तीज महोत्सव में शामिल होने गई थी। रविंद्र ने बताया कि उसकी बेटी ताइक्वांडों की राष्ट्रीय खिलाड़ी थी। उसने छह दिन पहले हांसी में आयोजित प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था। बेटी भी परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना चाहती थी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शव को फिलहाल शवगृह में रखवा दिया है, रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। ताऊ की शिकायत पर ट्रक चालक पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
-इंस्पेक्टर प्रवीन कुमार, प्रभारी, सेक्टर 13-17 थाना