पानीपत में एक युवक की उसके ही दोस्त ने चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपी लॉकडाउन में बाहर घूमने की बात पत्नी को बताए जाने से नाराज था। इसी नाराजगी में युवक ने अपने दोस्त को मार डाला। वारदात तहसील कैंप के विकास नगर में रविवार रात करीब 11 बजे हुई।
आरोपियों ने युवक के सीने में हमला किया और फरार हो गए। घायल युवक को उसके दोस्तों ने सामान्य अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को शव गृह में रखवाया।
पुलिस को दी शिकायत में तहसील कैंप स्थित न्यू रमेश नगर के निवासी सुमित कक्कड़ ने बताया कि रविवार रात वह अपने दोस्त उमेश (28) उर्फ सोनू पुत्र विनोद, आशु, कन्हैया उर्फ कन्नू और ठाकुर सहगल के साथ आशु के घर बैठे हुए थे। इसी बीच विकास नगर निवासी दीपक अपने दोस्त सतनाम सिंह , विजय और एक अन्य के साथ वहां पहुंचा। दीपक ने उमेश उर्फ सोनू से कहा कि तूने क्यों मेरी पत्नी को मेरे रात के समय बाहर घूमने की बात बताई, घर में क्लेश कराता है।
इसके बाद दीपक ने उमेश के सीने पर चाकू से हमला कर दिया। वह दूसरी बार हमला करने लगा तो ठाकुर सहगल ने उसका हाथ पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी धक्का देकर वहां से फरार हो गए। वह घायल उमेश को सामान्य अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही तहसील कैंप चौकी और शहर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवाया।
मृतक के दोस्त सुमित कक्कड़ की शिकायत पर नामजद तीन व एक अन्य आरोपी के खिलाफ हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - सुनील कुमार, शहर थाना प्रभारी