वायरल हुए वीडियो की एक तस्वीर।
- फोटो : amar ujala
राजधानी लखनऊ के कमता इलाके में पुलिस पर सब्जी वालों ने हमला कर दिया। इससे एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, दूसरे को भी चोटें आई हैं। घायल सिपाही की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है।
कमता इलाके में स्थित सामुदायिक केंद्र के पास देर रात करीब 9 बजे लॉकडाउन का पालन कराने गए पुलिस वालों पर सब्जी की दुकान लगाने वालों ने हमला कर दिया। इतना ही नहीं दो पॉलीगन में तैनात पुलिस कर्मियों के ऊपर हमलावरों ने कुर्सी से हमला कर दिया।
हमले में मुकेश चौरसिया नामक सिपाही के सिर पर गंभीर चोटें आईं जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस और हमलावरों के बीच हो रही मारपीट का वीडियो बना लिया जिसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। चिनहट थाना प्रभारी निरीक्षक धनंजय पांडेय के मुताबिक, सूचना मिली थी कि लॉकडाउन का उल्लंघन करते हुए कुछ दुकान वाले भीड़ लगाकर खड़े हैं।
दुकानें बंद कराने गए पॉलीगॉन में तैनात पुलिस कर्मियों पर स्थानीय दुकानदारों ने हमला कर दिया। इस हमले में सिपाही मुकेश चौरसिया को गंभीर चोटें आई हैं। साथ में गए शैलेंद्र सिंह को भी हमलावरों ने चोटिल किया है। एसीपी प्रवीण मलिक ने बताया, केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही जाएगी। वहीं, आरोपी की तलाश की जा रही है।