गिरफ्तार आरोपियों से चोरी की नौ बाइक बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। सीआईए-तीन पुलिस ने चोरी की बाइक समेत गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों से रिमांड अवधि के दौरान नौ बाइक बरामद की हैं। रिमांड के बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
सीआईए-तीन प्रभारी सब-इंस्पेक्टर छबील सिंह ने बताया कि गत छह जुलाई की देर शाम सीआईए-तीन की टीम थाना किला क्षेत्र में गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान पहलवान चौक कुटानी रोड के पास स्पलेंडर बाइक पर सवार तीन युवकों को रोक कर बाइक के कागजात मांगे तो तीनों युवक बहाने करने लगे। शक होने पर बाइक का इंजन व चेचीस नंबर देख कर ऑनलाइन चेक कराया तो यह बाइक जून महीने में थाना किला क्षेत्र से चोरी की हुई निकली। जिसका थाना किला में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान गांव माजरा यूपी निवासी कपिल, गांव बड़ौली यूपी हाल विद्यानंद कॉलोनी निवासी नीरज व गांव राणा माजरा निवासी जाकिर के रूप में दी। पुलिस पूछताछ में आरोपी कपिल व नीरज ने बाइक चोरी की कई वारदातों को अंजाम देने की बात कबूली। शुक्रवार को तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से आरोपी जाकिर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया और आरोपी कपिल व नीरज का दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई नौ बाइकें बरामद की। आरोपियों ने चोरी की बाइकों को विद्यानंद कॉलोनी व सेक्टर-25 में किराये का कमरा लेकर छुपा रखा थी। आरोपियों ने खुलासा किया कि चोरी की बाइकों को मौका मिलने पर यूपी ले जाकर बेचने की फिराक में थे।
आरोपियो से बरामद हुई बाइक
-थाना शहर क्षेत्र की कुल सात बाइक बरामद की। जिनमें से दो बाइक मई व जून 2017 में और एक बाइक 2013 मे चोरी की गई थी।
-एक बाइक थाना किला क्षेत्र से 29 जून 2017 को चोरी की थी।
-एक बाइक थाना चांदनी बाग क्षेत्र से 24 जून 2017 को चोरी की थी।
-एक बाइक थाना माडल टाउन क्षेत्र से मई 2015 में चोरी की थी।