ट्रक ने बाइक को रौंदा, बुआ-भतीजी की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
समालखा। जीटी रोड गांव पट्टीकल्याणा के पास ट्रक के कुचलने से मोटरसाइकिल सवार बुआ और उसकी छह वर्षीय भतीजी की मौत हो गई। जबकि बच्ची का पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। महिला अपने भाई के साथ बाइक पर पानीपत से पाइट कॉलेज में बेटे के एडमीशन की जानकारी लेने जा रही थी। घायल को सीएचसी में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।
तहसील कैंप फतेहपुरी चौक, पानीपत निवासी चंद्र अपनी बहन गरिमा निवासी सफीदों के साथ बाइक पर पानीपत से समालखा स्थित पाइट कॉलेज जा रहा था। उनके साथ चंद्र की छह वर्षीय बेटी राधिका भी थी। वे तीनों बाइक पर थे। वे पट्टीकल्याणा के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची को ट्रक ने कुचल दिया। गरिमा और चंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए समालखा के सामान्य अस्पताल लाया गया। वहां गरिमा ने भी दम तोड़ दिया। घायल चंद्र को चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। परिजनों के बयान दर्जकर ट्रक चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गरिमा ने छह माह पहले खोया था पति को
करीब छह महीने पहले अपने पति को खो चुकी सफीदों निवासी गरिमा पानीपत अपने भाई चंद्र के यहां आई हुई थी। बड़ी बेटी सीए कर रही है और बेटा इंजीनियरिंग करना चाहता है। उसके मन में भी बेटे अनुभव को पढ़ा लिखाकर सफल बनाने की चाह थी। वह वीरवार को अपने भाई चंद्र के साथ बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण कर चुके बेटे के पाइट में एडमीशन के लिए जानकारी लेने बाइक से पानीपत जा रही थी। गरिमा ने ये नहीं सोचा था कि वह बेटे ऐडमिशन कराने सपना पूरा नहीं कर पाएगी। पाइट कॉलेज से करीब पचास मीटर की दूरी पर ही पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।