पानीपत। सेक्टर 25 पार्ट 2 स्थित कुनाल ट्रेडिंग कंपनी में शुक्रवार दोपहर को अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद दमकल कर्मचारी 13 साल पुरानी गाड़ी लेकर घटनास्थल पहुंच गए। हालांकि तब तक आग बुझ चुकी थी। लेकिन कंडम गाड़ी को सड़क पर दौड़ाकर दमकलकर्मी अपने साथ-साथ अन्य वाहन चालकों की जान को भी दांव पर लगा रहे हैं।
श्याम बाग बैंक्वेट हाल के सामने कुनाल ट्रेडिंग कंपनी में शुक्रवार दोपहर 4 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। फैक्ट्री के गोदाम के पास खाली प्लाट में पड़े केमिकल के खाली ड्रम धूं-धूं कर जलने लगे। आसमान में काला धुंआ देख आसपास स्थित फैक्ट्रियों से कर्मचारी बाहर निकल आए। लोगों ने घटना की सूचना दमकल विभाग और गोदाम मालिक योगेश कुमार को दी। 7 मिनट में 4 हजार लीटर क्षमता की गाड़ी सहित मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने खाली ड्रम पर पानी की बौछार शुरू कर दी। एकाएक खाली ड्रम फटने के कारण केमिकल लोगों के ऊपर गिरा तो भगदड़ मच गई। पांच मिनट बाद दमकल विभाग की 8 हजार लीटर क्षमता की गाड़ी घटनास्थल पहुंची। दमकल कर्मियों ने फोम मिलाकर पानी की बौछार करके 20 मिनट बाद आग पर काबू पाया। गोदाम मालिक योगेश कुमार ने बताया कि आग लगने के कारण हजारों रुपये का नुकसान हो गया। वहीं लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी संजय भाटिया को जैसे ही गोदाम में आग लगने का पता चला तो वे भी कार्यकर्ताओं संग घटनास्थल आ गए। फैक्टरी मालिकों ने नई फोम टेंडर मशीन की मांग की तो उनकी मांग सरकार तक पहुंचा कर जल्द ही फोम टेंडर दिलाने का आश्वासन दिया।