बेटे की मौत के बाद पोते की चाहत में बहू की भतीजे से करवा दी शादी, बेटी पैदा हुई तो घर से निकाला
मामला जींद के गांव शिलाखेड़ी का, यहां जोशी गांव में रहती है पीड़िता
अमर उजाला ब्यूरो
मतलौडा। अपने बेटे की मौत के बाद सास-ससुर ने बहू का गर्भ चेक करवाया तो पता चला कि लड़का है। पोते क ी चाहत में उसने बहू की शादी रिश्तेदारी में भतीजे के साथ करवा दी। इसके बाद जब बहू ने बेटी को जन्म दिया तो उसे ताना देकर और वंश न चलने की बात कहकर घर से निकाल दिया। मायके आकर महिला ने ससुर रामेहर, सास मेवा, ननद अन्नू व पुजा के खिलाफ दहेज लाने के लिए मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज करवाया है।
मामला जींद के गांव शिलाखेड़ी का है। जोशी गांव निवासी पीड़ित मंजू की शादी जुलाई वर्ष 2013 में शिलाखेड़ी जींद वासी ब्रिजेश के साथ हुई थी। मंजू के गर्भ में बच्चा पल रहा था। इसी दौरान पति ब्रिजेश की मौत हो गई। सास व ससुर ने मंजू का मेडिकल चेकअप करवाया। पता चला कि गर्भ में लड़का है। सास ने मंजू को सलाह दी कि उसके गर्भ में लड़का है। उनका भी वंश चल जाएगा। इसलिए वह अपने भतीजे को गोद लेकर उसकी शादी उससे करवा देंगे। ऐसा करने से उसका भी घर बस जाएगा और उनका भी वंश चल जाएगा। मंजू ने हां करने के बाद सास ने अपने भतीजे सोनू को गोद लेकर उसके साथ मंजू की शादी करवा दी। इसके बाद मंजू ने लड़की को जन्म दिया तो सास ससुर व ननदों की नाराजगी का ठिकाना नहीं रहा और उनका वंश न चलने और अब वह उनके काम की न होने का ताना मारते हुए परेशान करने लगा।
दूसरे पति सोनू को भी गालियां देते हुए घर छोड़कर चले जाने के लिए परेशान किया जाने लगा। मंजू ने आरोप लगाया कि उसकी ननद उसके साथ मारपीट करती है और ससुर भी उस पर बुरी नजर रखता है और गालियां देकर मारपीट करता है। आए रोज की घर से निकाल देने की परेशानी के चलते किसी तरह मंजू ने अपने मायके जोशी गांव आकर पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी। इस पर मतलौडा पुलिस ने मामला दर्ज किया है।