फोटो संख्या- 9
पुराने किरायेदार ने छह फेरीवालों के साथ मिल की थी फाइनेंसर की हत्या और लूट
-एक अगस्त रात मॉडल टाउन पूरे वाल कॉलोनी में दिया गया था वारदात को अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। मॉडल टाउन स्थित पुरेवाल कॉलोनी में एक अगस्त को हुई वारदात में एक किरायेदार ने ही मकान मालिक की हत्या व लूट की साजिश रची थी। किरायेदार ने अपने साथ छह फेरी वालों को गैंग में शामिल किया था। सभी फेरीवाले उत्तर प्रदेश के कैराना, मुजफ्फरनगर और शामली के रहने वाले थे। इस मामले में शनिवार शाम सीआईए-1 ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। 18 सितंबर को पुलिस ने एक आरोपी को मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया था। उसे सात दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी की निशानदेही पर शनिवार शाम एक पिस्तौल व दो जिंदा कारतूस व तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी जलालपुर रोड से की गई। उन्हें रविवार को कोर्ट में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।
डीएसपी सतीश कुमार व सीआइए वन प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि एक अगस्त की रात को पुरेवाल कॉलोनी के फाइनेंसर अजीत लाल के घर में रात एक बजे तीन बदमाश घर में घुस गए। बदमाशों के हाथ में पिस्तौल थी। उन्होंने घर में घुसते ही फाइनेंसर अजीत लाल को गोली मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद घर के दूसरे कमरे में मृतक की तलाकशुदा बेटी वीना को आरोपियों ने बंधक बनाया। आरोपियों ने वीना के हाथ-पैर एक ही चुन्नी से बांध दिए व उसके माथे पर पिस्तौल तान दी। आरोपियों ने घर को खंगालना शुरू किया। करीब एक घंटे तक बदमाश घर को खंगालते रहे और वे घर से 20 लाख रुपये की नकदी और 15 लाख रुपये की कीमत के सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए।
गौरतलब है कि आरोपी का मास्टरमाइंड किरायेदार सलीम पुत्र शराफत है, जो मृतक अजीत लाल के घर पर दो साल पहले किराये पर रहता था। उसको घर के हर हिस्से का पता था। उसे पता था कि अजीत लाल की जिंदगी भर की कमाई किस कोने में रखी है। इसके अलावा वह घर में घुसने से लेकर घर से बाहर जाने तक का रास्ता जानता था। इस मामले गिरफ्तार तीनों आरोपी रफीक पुत्र सफीक, सलीम पुत्र शराफत व इंतजार पुत्र मजीद निवासी इस्लाम नगर कैराना को सीआईए वन ने रविवार को कोर्ट में पेश किया व तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान सीआईए एक आरोपियों से बहुत से सवालों के जवाब उगलवाएगी। साथ ही वारदात में शामिल फरार चल रहे तीन अन्य आरोपियों की धरपकड़ भी करेगी।