दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर युवक से मांगे 10 हजार, पकड़ी गई
पानीपत (ब्यूरो)। राजीव कॉलोनी के एक युवक को दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर सवा लाख रुपये ऐंठ चुकी एक महिला को पुलिस ने उसी युवक से 10 हजार रुपये लेते रंगे हाथों पकड़ा है। महिला ने युवक को डराकर उससे 10 हजार मांगे थे। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है।
जय सिंह पुत्र सूरजभान निवासी राजीव कॉलोनी ने बताया कि आरोपी महिला ने 2017 में उस पर दुष्कर्म का झूठा मामला दर्ज कराया था। पुलिस जांच में वह केस रद्द भी हो गया था। आरोपी उसको डराकर उससे 1 लाख 11 हजार रुपये ऐंठ चुकी है। अब महिला दोबारा उसको झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दे रही थी और उससे 10 हजार रुपये मांग रही थी। उसने इसकी शिकायत किला थाना पुलिस को दी थी। सूरज भान ने महिला को पैसे देने के लिए किला पार्क में बुलाया था। एसएचओ सुरेश पाल ने एएसआई राजपाल, महिला एएसआई संतोष व दो अन्य व्यक्तियों की टीम तैयार कर दबिश देकर आरोपी महिला को 10 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।