रोडवेज बस की चपेट में आने से बुुजुर्ग की मौत
- गड्ढों में उतरी तेज रफ्तार अनियंत्रित बस, बाल-बाल बचे 50 यात्री
-पानीपत से जींद जा रही थी बस, हादसे के बाद चालक-परिचालक फरार
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत/थर्मल।
पानीपत-सफीदों रोड पर थर्मल बाईपास के पास हरियाणा रोडवेज बस की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे गड्ढों उतर गई। शुक्र है कि बस पलटी नहीं और बस में सवार करीब 50 सवारियां बाल-बाल बचीं। हादसे के बाद बस चालक व परिचालक बस को छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची थर्मल चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
गांव लोहारी निवासी केदार सिंह (62) थर्मल प्लांट में ठेकेदार के पास नौकरी करता था। प्रतिदिन की तरह वह मंगलवार सुबह साइकिल पर सवार होकर ड्यूटी पर थर्मल प्लांट में जा रहा था। वह सुताना से होते हुए डीएसपी पब्लिक स्कूल, थर्मल के पास पानीपत-सफीदों रोड पर पहुंचा और नीचे उतरकर सड़क पार करने लगा। इसी दौरान पानीपत से जींद जा रही हरियाणा रोडवेज की बस ने उसे चपेट में लेे लिया। बुजुर्ग का कुचलने के चालक नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे गड्ढों में उतर गई। हादसे में बुजुर्ग केदार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं बस में सवार करीब 50 सवारियां भी बाल-बाल बचीं। हादसे के बाद बस चालक व परिचालक फरार हो गए। सूचना पर पहुंची थर्मल चौकी पुलिस ने यात्रियों को दूसरी बस से गंतव्य की तरफ रवाना किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया। जहां परिजनों के बयान दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने इस मामले में बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिवार का सहारा टूटा
बताया जा रहा है कि केदार सिंह के तीन बच्चे थे। दो लड़के व एक लड़की। बड़े बेटे व बेटी की शादी कर दी थी। बड़े बेटे सुरेंद्र की करीब एक साल पहले बीमारी के कारण मौत हो गई थी। सुरेंद्र की एक साल की लड़की है, जिसका पालन-पोषण केदार सिंह ही कर रहा था। केदार का छोटा बेटा नरेंद्र पानीपत में कपड़े की दुकान पर कार्य करता है। केदार सिंह की मौत के बाद परिवार का सहारा टूट गया।
हादसे के बाद मची चीख-पुकार
पानीपत-सफीदों रोड पर थर्मल बाईपास के पास हुई दुर्घटना के बाद बस के गड्ढों में उतरते ही बस में सवार यात्री घबरा गए और बस में चीख-पुकार मच गई। हादसे को देखते हुए वहां से गुजर रहे वाहन चालकों ने अपने वाहन रोके। बस के रुकने के बाद ही बस में सवार यात्रियों ने राहत की सांस की। कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद पानीपत-सफीदों मार्ग पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहनों को निकालते हुए लगे जाम को खुलवाया।
वर्जन
पानीपत-सफीदों रोड पर डीएवी स्कूल थर्मल के पास हरियाणा रोडवेज की बस की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। अनियंत्रित हुई बस सड़क किनारे गड्ढों में उतर गई। हादसे के बाद चालक-परिचालक फरार हो गए। बस में सवार करीब 50 सवारियां भी बाल-बाल बचीं। हादसे में मृत बुजुर्ग के शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- वेद प्रकाश, प्रभारी, थर्मल चौकी, पानीपत।