खेत और मकान से 215 किग्रा गांजा पत्ती बरामद
राज्य में विभिन्न स्थानों पर बेचने की थी साजिश, एक आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। थाना किला पुलिस ने शुक्रवार की सुबह जावा कॉलोनी के निर्माणाधीन मकान व इसके पीछे स्थित खेत से 215 किलोग्राम नशीला पदार्थ गांजा पत्ती बरामद किया है। वहीं पुलिस ने भवन मालिक के साले को मादक पदार्थ की तस्करी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी शुक्रवार को इस खेप को राज्य के विभिन्न हिस्सों में सप्लाई करने की फिराक में थे। इससे पहले पुलिस ने गुप्त सूचना पर इस खेप को बरामद किया।
शुक्रवार की सुबह लोगों ने खेत में कई पैकेट पडे़ देखे और इसकी सूचना पुलिस को दी। थाना किला पुलिस के एसएचओ नरेंद्र मौके पर पहुंचे और खेत में पडे़ पैकेट की जांच की। पैकेट में नशीला पदार्थ गांजा पत्ती बरामद हुआ। वहीं इंस्पेक्टर नरेंद्र ने अपनी टीम के साथ खेत में तलाशी अभियान चलाया तो खेत लगते मकान की ओर कई पैकेट पडे़ मिले। पुलिस ने जांच के बाद बरामद हुए पैकेटों का वजन करवाया तो पता चला कि 215 किलोग्राम गांजा पत्ती भरी हुई थी। इसकी मार्केट में कीमत लगभग साढ़े 4 लाख रुपये है।
थाना किला के एसएचओ नरेंद्र ने बताया कि इस मामले में गोल्डी उर्फ अभिनव पुत्र सत्यपाल निवासी हरि सिंह चौक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। भवन के मालिक गौरव पुत्र बृजमोहन की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। वहीं पुलिस आरोपित को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर यह पता लगाया जाएगा कि वह नशीले पदार्थ की इतनी बड़ी खेप कहां से लेकर आया, मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले किस गैंग से उसे संबंध है, पानीपत में वह किन स्थानों पर मादक पदार्थ की बिक्री करता था और कौन लोग उसके इस काले कारोबार में शामिल है। उन्होंने बताया कि आरोपित के पास से 215 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा पत्ती बरामद की गई है। वहीं पुलिस ने इस केस की जांच के लिए बरामद हुई मादक पदार्थ की खेप को इंपाउंड कर लिया है। जबकि आरोपित के खिलाफ थाना किला पुलिस ने सब इंस्पेक्टर दिनेश कुमार की शिकायत पर 20 एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पड़ोसी बोले: रात को दो लोग लेकर आए थे खेप
पड़ोसी अनिल ने बताया कि वह रात को घर सो रहा था। उसको साढ़े 10 बजे एक गाड़ी के आने की आवाज सुनाई दी। उसने बाहर आकर देखा तो दो लोग एक गाड़ी से कट्टे उतार रहे थे। इसके बाद वो चले गए। रात होने के कारण उसको चेहरे दिखाई नहीं दिए। सुबह उसने ही इसकी सूचना पुलिस को दी थी।