गैंगस्टर दिनेश अब बदलने लगा बयान
गायिका हर्षिता दहिया हत्या का मामला
-थाना इसराना पुलिस झज्जर जेल में बंद जीजा को प्रोडक्शन वारंट पर लाई
-चार दिन के पुलिस रिमांड पर चल रहा है दिनेश
-गायिका हर्षिता दहिया की मंगलवार को चमराड़ा के पास गोली मार कर दी थी हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। हरियाणवी पॉप गायिका एवं डांसर हर्षिता दहिया की हत्या के साजिशकर्ता आरोपी दिनेश कराला अब बयान बदलने लगा है। वह पुलिस को कभी हत्या करने वाले गैंगस्टर का नाम बता देता है तो कभी मना कर देता है। वह उनका पता ठीक से नहीं बता रहा। जिसके चलते पुलिस को अब आरोपियों तक पहुंचना मुश्किल दिखाई देने लगा है। वहीं पुलिस की एक टीम झज्जर व तिहाड़ के पास स्थित एक जेल में दूसरे गैंगस्टरों व उनके गुर्गों की कुंडली खंगालने में लगी हुई है। इन सबके बीच पुलिस अधिकारियों ने हर्षिता दहिया के हत्यारोपियों को जल्द ही काबू करने का दावा किया है।
सीआईए-तीन ने हर्षिता दहिया हत्याकांड में साजिशकर्ता उसके जीजा दिनेश कराला से तीसरे दिन के रिमांड दौरान हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों के बारे में बारीकी से पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार दिनेश कराला ने पहले तो हत्या की वारदात कराना खुद कबूल लिया। पुलिस के दावों के अनुसार उसने कुछ बदमाशों का नाम भी बता दिया। पुलिस अब बदमाशों के बारे में पूछताछ करने लगी तो वह अब अपने बयान बदलने लग गया। बताया जा रहा है कि वह कभी तो हत्या करने वाले बदमाशों के नाम लेेता है तो कभी कहता है कि हो सकता है उन्होंने आगे किसी से वारदात को अंजाम दिया है। वहीं दिनेश कराला द्वारा बताए गए आरोपियों की फोटो लेकर हर्षिता दहिया के साथ गाड़ी में सवार तीनों सहयोगियों से पहचान कराई तो उन्होंने भी पहचानने से इनकार कर दिया। इन सबके चलते पुलिस के पसीने छूट गए हैं। उधर दिनेश कराला का रविवार को चार दिन का पुलिस रिमांड पूरा हो रहा है। पुलिस आरोपी का दोबारा रिमांड लेने का प्रयास भी करेगी। पुलिस को दोबारा रिमांड मिल जाता है तो कुछ हासिल कर सकती है।
हत्या में गैंगस्टर गोगी व उसके शूटर कुलदीप का भी नाम
पुलिस के अनुसार दिनेश कराला ने गैंगस्टर जितेंद्र उर्फ गोगी का नाम सामने आया है। वह अपने शार्प शूटर कुलदीप फज्जा के साथ वारदातों को अंजाम देता है। पुलिस के अनुसार दिनेश कराला व जितेंद्र उर्फ गोगी की नजदीकियां हैं। जितेंद्र गोगी अब जेल से फरार है और पुलिस द्वारा उसको भगोड़ा घोषित किया गया है। सीआईए-थ्री पानीपत ने ही जितेंद्र उर्फ गोगी को तीन मार्च 2016 को राक्सेड़ा के पास गिरफ्तार किया था। उसको न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। उसको दिल्ली व सोनीपत पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर ले गई थी। दिल्ली पुलिस 30 जुलाई जितेंद्र गोगी को जींद पेशी पर ले जा रही थी। बदमाशों ने बहादुरगढ़ के पास पुलिस वैन को रुकवा लिया था और पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्ची पाउडर मारकर जितेंद्र गोगी को छुड़वा ले गए थे। वह अपने शार्प शूटर कुलदीप फज्जा के साथ इस तरह की वारदातों को अंजाम देता है।
कई जेलों व ठिकानों में गैंगस्टरों व शूटरों से पूछताछ
बताया जा रहा है कि जिला पुलिस की कई टीम हर्षिता दहिया हत्याकांड की जांच में जुटी है। पुलिस की एक टीम ने शनिवार को झज्जर व तिहाड़ के नजदीक एक जेल में बंद गैंगस्टरों व शार्प शूटरों से पूछताछ की। उनको इन जेलों में कुछ सुराग भी बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों ने इनके आधार पर आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार करने का दावा किया है।
यह है मामला
मूल रूप से सोनीपत के गांव नाहरा-नाहरी निवासी हरियाणवी गायिका एवं डांसर हर्षिता दहिया (23) स्वतंत्र नगर नरेला, दिल्ली की मंगलवार को चमराड़ा व काकोदा के बीच गोली मारकर हत्या कर दी थी। वह यहां परकिसान मिशन कार्यक्रम में आई हुई थी और अपनी आई-10 कार में अपने ड्राइवर दो अन्य सहयोगियों के साथ वापस जा रही थी। उनकी कार जैसे ही चमराड़ा गांव से काकोदा की तरफ चली तो पीछे से काले रंग की फोर्ड फिगो गाड़ी आई और उनकी गाड़ी के आगे अड़ा दी। बदमाशों ने ड्राइवर, सहयोगी लड़के संजीव निवासी गुमड़ व निशा बल्लभगढ़ को नीचे उतार दिया और हर्षिता चौधरी को गाड़ी की पिछली सीट पर बैठे-बैठे गोली कनपटी व गर्दन में मार दी। हर्षिता चौधरी की मौके पर मौत हो गई। उसको पोस्टमार्टम रिपोर्ट में 10-12 गोली लगना सामने आया था। पुलिस ने इसके बाद उसके जीजा दिनेश कराला को झज्जर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लिया था। दिनेश कराला ने हत्या कराने का आरोप कबूला था। पुलिस ने आरोपी को चार दिन के रिमांड पर लिया है।
वर्जन
पुलिस हर्षिता दहिया हत्याकांड में आरोपी दिनेश कराला से रिमांड के दौरान पूछताछ कर रही है। आरोपी पूछताछ में अपने लगातार बयान बदल रहा है। पुलिस आरोपी का चार दिन का रिमांड पूरा होने के बाद रविवार को कोर्ट में पेश करेगी।
नवीन कुमार, प्रभारी, थाना, इसराना।
--जगमहेंद्र--