पानीपत। ग्रैपलिंग के खेल में भविष्य बनाने का सपना तब टूट गया, जब इस खेल से उसे कुछ हासिल नहीं हुआ। खेल के कमाई का कोई जरिया नहीं बन पाने पर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ने अपराध की दुनिया में कदम रख दिया। उसने अपना एक गिरोह बनाया और हथियारों के बल पर लूटपाट शुरू कर दी। हथियारों के बल पर राहगीरों से लूट करने वाले चार बदमाश सीआईए-2 के हत्थे चढ़ गए। इस गैंग का सरगना ग्रैपलिंग खेल का इंटरनेशनल पदक विजेता खिलाड़ी है। पूछताछ में बदमाशों की पहचान जतिन उर्फ डेविड निवासी जींद, दीपक उर्फ गोपी निवासी रोहतक, अभिषेक उर्फ अभि निवासी जींद व विकास उर्फ विक्की निवासी जींद के रूप में बताई। चारों को शुक्रवार को एक दिन के पुलिस रिमांड की अवधि पूरी होने पर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
पुलिस को एक ने दिखाई टॉर्च, दूसरे ने पुलिसकर्मी ड्राइवर की कनपटी पर तानी पिस्तौल : डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स ने बताया कि सीआईए-टू प्रभारी दीपक कुमार को एक सूचना मिली। जिसमें 4 बदमाश हाथों में हथियार लिए राहगीरों को लूटने की योजना बना रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर उन्होंने एक टीम एएसआई अशोक कुमार के नेतृत्व में तैयार की। टीम सरकारी गाड़ी के ऊपर से बत्ती उतार कर व अंदर की सभी लाइट बंद कर डाहर टोल प्लाजा के पास पहुंची। गाड़ी को देखते ही वहीं सड़क पर खड़े एक युवक ने टार्च की लाइट से गाड़ी को रोकने का इशारा किया। गाड़ी के रुकते ही दूसरे युवक ने ड्राइवर की कनपटी पर पिस्तौल तानकर नीचे उतरने को कहा। साथ ही दो अन्य युवक गाड़ी के पास पिस्तौल लेकर खड़े हो गए। इसी दौरान एएसआई अशोक कुमार ने गाड़ी के अंदर की सभी लाइटें ऑन कर दी। पुलिस टीम को देखकर सभी आरोपी भागने का प्रयास करने लगे। जिन्हें पुलिस ने कुछ ही कदमों की दूरी पर पकड़ लिया। आरोपी जतिन से एक देसी पिस्तौल 315 बोर व एक कारतूस, आरोपी विकास से एक देसी पिस्तौल 315 बोर व एक कारतूस, आरोपी दीपक से एक देसी पिस्तौल 315 बोर व एक कारतूस व आरोपी अभिषेक के पास से एक टार्च बरामद हुई। उक्त गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ थाना इसराना में आईपीसी की धारा 398, 401 व आर्म्स एक्ट 25-54-59 के तहत मुकदमा दर्ज कर गहनता से पूछताछ करने के लिए आरोपियों को वीरवार को कोर्ट में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से लूट व लूट का प्रयास समेत कुल 9 वारदातों का खुलासा हुआ।
रुपयों के अभाव में बना बदमाश : गिरफ्तार बदमाशों में से जींद निवासी जतिन उर्फ डेविड ग्रैपलिंग गेम का इंटरनेशनल पदक विजेता खिलाड़ी है। उसने 3 साल पहले अपने गेम में लोहा मनवाते हुए नेपाल में आयोजित इंटरनेशनल प्रतियोगिता में पदक हासिल किया था। उसने इस पदक के साथ कई स्तर पर 13 मेडल जीते हुए हैं। लेकिन खेल में पदक जीतने और कड़ी मेहनत करने के बाद भी वो व उसका परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। रुपयों के अभाव के कारण डेविड ने अपराध की दुनिया में पहला कदम 2016 में रखा और इस दौरान उसने मारपीट कर लूट की पहली वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी जतिन ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर दिसंबर 2018 में हिसार जिला के मिर्चपुर में एसआर कंपनी के पेट्रोल पंप लूटने की वारदात को अंजाम दिया था। इस वारदात के संबंध में आरोपी फरवरी 2019 में जमानत पर जेल से बाहर आया था। इसके अलावा डेविड कुछ माह पहले जींद जिला में अवैध दो देसी पिस्तौल सहित पकड़ा गया था। इस मुकदमे के संबंध में आरोपी कोर्ट से जमानत पर है। वहीं आरोपी विकास उर्फ विक्की ने करीब 5 साल पहले अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर जींद जिला के लिजवाणा गांव में शराब के ठेके पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस मुकदमा के संबंध में आरोपी जनवरी 2015 में जमानत पर जेल से बाहर आया।
सरगना ने ट्रक ड्राइवर और उसके 2 नौकरों को किया गैंग में शामिल : गिरफ्तार आरोपियों में दीपक ट्रक ड्राइवर था। इसके ट्रक पर दो नौकर भी काम करते थे। अभिषेक और विकास को दीपक अपने साथ ट्रक में ही रखता था। दीपक की मुलाकात डेविड से ही हुई थी। डेविड ने अपनी जिंदगी की दास्तां बता कर उन्हें मेहनत से कभी भी अमीर न बनने की बात कही। जिसके बाद उसने उन्हें भी अपने साथ जुर्म की दुनिया में शामिल कर लिया और वारदात को अंजाम देने लगे।
इन वारदात का खुलासा :
1. आरोपी जतिन, दीपक व विकास ने 4 मई 2019 की रात पानीपत के थाना समालखा क्षेत्र के अंतर्गत डिडवाडी से शराब के ठेके पर शराब व नकदी लूटने की वारदात को अंजाम दिया था।
2. आरोपी दीपक, विकास ने मिलकर करीब 2 माह पहले पानीपत के थाना इसराना क्षेत्र के अंतर्गत डाहर बाईपास दो नहरों के बीच ट्रक चालक से पैसे लूटने की वारदात को अंजाम दिया।
3. आरोपी जतिन, अभिषेक व इनके एक अन्य साथी ने मिलकर हथियार के बल पर 5 मई 2019 को जिला सोनीपत के थाना बरोदा क्षेत्र के अंतर्गत जागसी गांव में पेट्रोल पंप से पैसे लूटने की वारदात को अंजाम दिया।
4. आरोपी जतिन, अभिषेक व इनके एक अन्य साथी ने मिलकर करीब 10/12 दिन पहले जींद में राकेश लाठर निवासी रामरा गेट जींद को पिस्तौल से गोली मारने का प्रयास किया, मौके पर पिस्तौल का ट्रीगर न दबने से वो बाल-बाल बच गया और वहां से भाग निकला।
5. आरोपी जतिन, दीपक, अभिषेक, विकास व इनके एक अन्य साथी ने करीब 7/8 दिन पहले गोहाना खानपुर रोड पर शराब के ठेके के पास स्थित पेट्रोल पंप लूटने की योजना बनाई।
6. आरोपी जतिन, दीपक, अभिषेक, विकास ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर करीब 7/8 दिन पहले नौल्था टोल प्लाजा के पास गाड़ियों को लूटने की योजना बनाई।
7. आरोपी जतिन, दीपक, अभिषेक, विकास ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर करीब 7/8 दिन पहले पानीपत टोल प्लाजा के पास गाड़ियों को लूटने की योजना बनाई।
8. आरोपी जतिन उर्फ डेविड, दीपक, अभिषेक, विकास ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर करीब 10/15 दिन पहले जींद रोहतक रोड गोहाना बाईपास के पास पिस्तौल से हवाई फायर कर ट्रक चालक को लूटने का प्रयास किया।
9. आरोपी जतिन, दीपक, अभिषेक, विकास ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर करीब 10 दिन पहले पानीपत के पुग्थला गांव के पास गाड़ियों को लूटने की योजना बनाई।