कैथल। रेलवे स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी में से गेहूं चोरी कर रहे युवकों को रोकने पर अज्ञात युवकों ने दो पुलिस कर्मचारियों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। दोनों को जिला अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर लिया है।
जिला अस्पताल में दाखिल पुलिस कर्मचारी शीशपाल ने बताया कि वीरवार रात्रि रेलवे स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी से कुछ युवक गेहूं चोरी करने का प्रयास कर रहे थे। सूचना मिलते ही वह कर्मचारी दरबारा सिंह के साथ वहां पहुंचा तो आधा दर्जन युवकों नेे उन पर हमला कर दिया और उनके साथ मारपीट करते हुए उन्हें घायल कर दिया। बाद में कैथल पुलिस को भी सूचित किया गया। बाद में ये युवक यहां से भाग खड़े हुए। इसके बाद उन दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। जींद रेलवे पुलिस थाने में इस संबंध में केस दर्ज किया गया है।