रेड लाइट देख रूकी स्कूटी सवार महिला, जाम का फायदा उठा नकाबपोश युवक स्कूटी से पर्स उठाकर हुआ फरार
पानीपत। तहसील कैंप मोड़ पर रेड लाइट देख कर फैक्टरी की महिला अकाउंटेंट ने स्कूटी रोकी तो एक नकाबपोश युवक ने स्कूटी की टोकरी में रखा उसका पर्स उठा कर फरार हो गया। चंद सेकेंड में महिला का ध्यान उसका पर्स हाथ में लेकर दौड़ते नकाबपोश युवक को देखकर उसने शोर मचाया। लेकिन नकाबपोश युवक चकमा दे फरार हो गया। सिटी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नूरवाला निवासी पूजा ने तहसील कैंप चौकी पुलिस को बताया कि वह सेक्टर 25 स्थित एक्सपोर्ट कंपनी में अकाउंटेंट है। शुक्रवार सुबह वह स्कूटी पर सवार होकर फैक्टरी जा रही थी। मोबाइल फोन और 10 हजार की नकदी से भरा उसका पर्स स्कूटी की सीट के पास बनी टोकरी में रखा था। तहसील कैंप मोड पर रेड लाइट देख उसने स्कूटी रोक ली। वह होमगार्ड की ओर देख रही थी कि इसी दौरान चेक की शर्ट पहले एक नकाबपोश युवक ने उसका पर्स चुरा लिया था। वहीं महिला के शोर मचाने पर एक बाइक सवार ने नकाबपोश युवक का पीछा भी किया लेकिन वह वापस नहीं लौटा। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।