फोटो 20 से 22
पानी के लिए बहा खून, छह घायल, पांच की गंभीर
गांव सुताना में एक नल पर पानी भरने को लेकर दो पक्षों में चली तलवार, गंडासी व डंडे
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। गांव सुताना में बुधवार को नल पर पानी भरने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद धीरे-धीरे मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के लोगों में तलवार, गंडासी और डंडे चले। इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्ष के छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से चार को चिंताजनक हालत में पीजीआई के लिए रेफर किया गया है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना मॉडल टाउन थाना पुलिस को दे दी है।
मसरूमा और महरूबा पुत्री अली हसन ने बताया कि वह पानी भरने गई थी, लेकिन वहां नल पर मोटर नहीं मिली। उनको पता चला कि दीना का परिवार नल की मोटर निकालकर घर ले गया है। उन्होंने अपने चाचा खुर्शीद, इमरान को बताया। ये बात सुनकर चाचा खुर्शीद, इमरान व शमशाद दीना के घर गए और उनसे मोटर के बारे में पूछा। इस बात को लेकर दीना पक्ष ने गाली-गलौच शुरू कर दी। वहीं दीना पक्ष का आरोप है कि खुर्शीद ने उन्हें पहली गालियां दी थीं। इसके बाद मारपीट भी उन्होंने ही शुरू की। मारपीट में दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर तेजधार हथियारों का प्रयोग किया। वहीं, संघर्ष इतना भीषण था कि किसी भी ग्रामीण की हिम्मत बीच बचाव करने की नहीं हुई। खूनी संघर्ष में खुर्शीद, इमरान व दूसरे पक्ष के दीना, इसकी पत्नी सन्नो, परिजन मेहदा, फरीद गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पानीपत के सिविल अस्पताल लाया गया। यहां पर प्राथमिक चिकित्सा देने के बाद घायलों में से खुर्शीद, इमरान, दीना, मेहदा, फरीद को पीजीआई के लिए रेफर कर दिया गया। इन घायलों को गंभीर चोटें लगी हैं और इनकी हालत चिंताजनक है। वहीं इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस गांव में पहुंची और जांच की। पुलिस ने जांच के बाद सिविल अस्पताल में जाकर घायल सन्नो से घटना की जानकारी ली। वहीं पुलिस की एक टीम घायलों के बयान दर्ज करने के लिए पीजीआई भी जाएगी। पुलिस ने बताया कि गांव सुताना में किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई है। मारपीट में दो परिवारों के पांच लोगों के घायल होने की सूचना है। पुलिस इस केस की जांच कर रही है।