भैंसवाल गांव से अपहृत युवक का 17 दिन बाद यमुना में मिला शव, गांव की लड़की के साथ
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। भैंसवाल गांव से अपहृत युवक का शव 17 दिन बाद यमुना में बसेड़ा व राणा माजरा के पास गली सड़ी हालत में मिला। हत्यारोपी गांव की लड़की के मामा ने 25 सितंबर को ही उसकी गोली मारकर हत्या कर दी थी और शव को यमुना में फेंक दिया था। किला थाना पुलिस परिजनों की बार-बार मांग के बाद मामले को टालती रही। परिजनों ने शव मिलने के बाद किला थाना में जाने की बजाय सिटी थाने में जाकर हंगामा काटा। एसपी ने पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आने पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। सीआईए-वन ने शाम को ही अपहरण कर हत्या के मुख्य आरोपी गांव की ही एक लड़की के मामा को गिरफ्तार कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। आरोपी ने कबूला है कि अगस्त माह में उसकी भांजी के साथ फरार होने के बाद से रंजिश रखे हुए था।
सीआईए-वन पानीपत ने बुधवार देर रात को भैंसवाल निवासी मनीष उर्फ मोनू (24) का शव यमुना नदी में राणा माजरा व बसेड़ा के बीच से बरामद किया। शव बुरी तरह से गला सड़ा था। परिजनों ने कपड़ों के आधार पर शव की शिनाख्त की। सिविल अस्पताल से शव को पीजीआई रोहतक भेज दिया। परिजन सुबह किला थाने की बजाय थाना शहर में पहुंच गए। उन्होंने यहां पर किला थाना पुलिस पर अनदेखी का आरोप लगाया और जमकर हंगामा किया। एसपी राहुल शर्मा सूचना मिलते ही थाना शहर पहुंचे। उन्होंने परिजनों की बात सुनी और उनको पुलिस अधिकारियों व कर्मियों की लापरवाही मिलने पर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। पुलिस ने पीजीआई रोहतक में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
सीआईए-वन ने मुख्य आरोपी मामा को किया गिरफ्तार किया
सीआईए-वन पानीपत ने मनीष उर्फ मोनू की हत्या के मुख्य आरोपी आजाद निवासी मंसूरा थाना झिझाना यूपी को गिरफ्तार कर लिया और वीरवार को कोर्ट में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। सीआईए-वन प्रभारी संदीप छिक्कारा शाम को ही मीडिया से रूबरू हुए। उन्होंने बताया कि आजाद ने पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में मनीष उर्फ मोनू की हत्या की वारदात को कबूला है। आजाद ने पुलिस पूछताछ में बताया कि मनीष उर्फ मोनू ने उसकी भांजी को अगस्त माह में बहला फुसलाकर ले गया था। वे दोनों कुछ दिनों बाद बरामद हो गए थे। पुलिस ने बाद में मुकदमा रद कर दिया था। वह उसके साथ उसकी दिन से रंजिश रखने लग गया था, लेकिन उसके साथ बातचीत करते रहे। मैंने उसको 25 सितंबर को मंसूरा गांव में बुलाया और वहां पर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। उसने अपने बाकी साथियों के साथ उसको यमुना में फेंक दिया था।
परिजनों का आरोप किला थाना पुलिस पहले दिन से कर लापरवाही
परिजनों ने बताया कि वे मनीष उर्फ मोनू के पास 24 सितंबर को फोन आया था। वह इसके बाद चला गया था। मोनू 25 सितंबर को अपने मामा के घर जाने की कहकर चला गया। इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं लगा। वे उसको फोन करते रहे। मोनू ने अपनी मौसी को फोन कर बताया कि उसका गांव के ही फूल हसन के दामाद ने अपहरण कर लिया है। वे उसको बार-बार फोन करेंगे तो उसकी हत्या कर देंगे। वे जानकारी लगते ही किला थाना में शिकायत लेकर गए। परिजनों ने आरोप लगाया कि किला थाना पुलिस ने उनको सनौली थाना का मामला बताकर भेज दिया। वे सनौली थाना में शिकायत लेकर पहुंचे तो सनौली थाना पुलिस ने वापस किला थाना में भेज दिया। किला थाना पुलिस ने उनकी शिकायत पर 28 सितंबर को अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया, लेकिन उसको तलाश करने में गंभीरता नहीं दिखाई।
पुलिस के सामने ही दी थी गोली मारने की धमकी
परिजनों के अनुसार गांव की ही सोनिया व मनीष उर्फ मोनू अगस्त माह में फरार हो गए थे। सोनिया के परिजनों ने मनीष पर मुकदमा दर्ज करा दिया था। उन्होंने दोनों को बरामद कर लिया था। सोनिया ने पुलिस के सामने अपनी रजामंदी से जाने की बात कही थी। जिसके चलते मुकदमा रद्द कर दिया था। परिजनों का आरोप है कि सोनिया के परिजनों व रिश्तेदारों ने पुलिस के सामने ही उसको गोली मारने की धमकी दी थी। सोनिया की बाद में परिवार के लोगों ने यूपी में शादी कर दी। परिजनों ने मनीष उर्फ मोनू की गोली मारकर हत्या कर दी।
वर्जन
भैंसवाल से लापता मनीष उर्फ मोनू का शव यमुना नदी से बरामद कर लिया है। पुलिस ने इसमें गांव की लड़की के मामा आजाद निवासी मंसूरा यूपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर मनीष की गोली मारकर हत्या की वारदात को कबूल लिया है। परिजनों ने किला थाना पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। पुलिस इस मामले की भी जांच करेगी और किसी तरह की लापरवाही मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
राहुल शर्मा, एसपी पानीपत।
अगस्त माह में हुआ था फरार, लड़की के मामा ने हत्या कबूली
- किला थाना पुलिस में है अपहरण का मुकदमा दर्ज
- परिजनों को वीरवार सुबह राणा माजरा के पास मिला मनीष का शव
- परिजनों का आरोप पुलिस ने नहीं दिखाई गंभीरता
- परिजनों ने किला थाना में न पहुंचकर थाना शहर में जताया रोष
फोटो-16 से 18 और 19