पानीपत। बापौली थाना क्षेत्र रोड पर एक ओवरलोड लकड़ी से भरे हुए ट्रॉली-ट्रैक्टर चालक ने बाइक सवार दो दोस्तों को टक्कर मार दी। जिससे दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के परिजनों के बयान पर पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिए व आरोपी ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुट गई।
बापौली थाना पुलिस को दी शिकायत में सोनू उर्फ अमित निवासी गन्नौर सोनीपत ने बताया कि वो पेशे से प्लंबर है। शुक्रवार की शाम को उसका भाई राजेश उर्फ सन्नी व जीजा सुनील और राजेश का दोस्त अमित किसी काम के लिये अपनी रिश्तेदारी गांव अधमी के लिये अपने गांव बड़ी से चले थे। भाई राजेश व उसका दोस्त अमित एक बाइक पर सवार थे। उनकी बाइक के पीछे सोनू और जीजा सुनील दूसरी बाइक पर सवार थे। रात साढ़े 8 बजे जब वे गांव संजोली से निकले तो गंदा नाला के पास से सामने गांव रमाल की तरफ से एक ट्रैक्टर ट्रॉली का चालक अपने ट्रैक्टर को बड़ी तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाता हुआ आया। उसने सामने से उसके भाई की बाइक को टक्कर मार दी। जिससे दोनों बाइक से नीचे गिर गए। आरोपी ट्रैक्टर चालक ने थोड़ा आगे जाकर ट्रैक्टर रोका और नीचे उतर कर आया। नाम पूछने पर उसने अपनी पहचान अहसान पुत्र मन्ना निवासी मोहल्ला आल कला कैराना जिला शामली के रूप में बताई। इसके बाद वे हादसे में घायल हुए दोनों को संभालने लगे तो इसी दौरान आरोपी चालक ट्रॉली लेकर फरार हो गया। घायलों को बिशन स्वरूप कॉलोनी स्थित एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां उसकी मौत हो गई। वहीं दिल्ली में उपचाराधीन अमित ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस आरोपी ट्रैक्टर चालक की धरपकड़ में जुट गई।