सनौली। सनौली थाना में काम करने की एवज में पुलिसकर्मियों द्वारा रिश्वतखोरी का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हमेशा की तरह एक बार फिर सनौली थाना में रिश्वतखोरी का मामला सामने आया है। गांव रिशपुर निवासी एक महिला से एएसआई ने 5 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। जिसकी शिकायत महिला ने विजिलेंस पंचकूला डीजीपी को की। डीजीपी के आदेशों पर एसपी पानीपत ने थाना में केस को लेकर रिश्वत मांगने के आरोप में उक्त एएसआई को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।
वीरवार को गांव रिशपुर निवासी राहुल अपनी मां मुनेस और एक युवक मंकित के साथ डीजीपी विजिलेंस पंचकूला पहुंचे। उन्होंने विजिलेंस को एएसआई श्रीभगवान को सस्पेंड करने के बाद उसके खिलाफ रिश्वत मांगने के आरोप में मामला दर्ज करने की मांग की। इस पर डीजीपी विजिलेंस ने उनसे कहा कि उन्होंने प्राथमिक शिकायत पर उक्त पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर दिया है। मामले की पूरी जांच एसपी पानीपत सुमित कुुमार कर रहे हैं। जल्द ही पानीपत पुलिस जांच कर आगामी कार्रवाई अमल में लाएगी।
गांव रिशपुर निवासी राहुल व मंकित ने बताया कि मई माह में गांव सनौली-झांबा कॉलोनी के एक युवक सदाम के साथ राहुल का झगड़ा हो जाने पर सनौली थाना पुलिस ने राहुल के खिलाफ सदाम को चाकू मारने पर मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया था। राहुल को भी चोटें लगी थी। इसी मामले में राहुल की मां मुनेश व मंकित युवक ने राहुल से मारपीट करने को लेकर मामला दर्ज करने की मांग की थी। जिस पर सनौली थाना में तैनात एएसआई श्रीभगवान ने मंकित युवक से टेलीफोन पर 5 हजार रुपये लेने की बात हुई। जिसकी उन्होंने कॉल रिकॉर्डिंग कर ली। इसी रिकॉर्डिंग के आधार पर विजिलेंस से रिश्वत मांगने वाले एएसआई को पकड़वाने की मांग की। इस पर डीजीपी विजिलेंस पंचकूला ने करनाल विजिलेंस टीम को तैयारी कर पानीपत विजिलेंस टीम को रिश्वत मांगने वाले एएसआई को पकड़ने की तैयारी की। इस दौरान पानीपत विजिलेंस टीम ने राहुल के केस के बारे सनौली थाना में केस के आईओ की जानकारी ली, तो उस केस में एएसआई श्रीभगवान नहीं मिला और दूसरे आईओ हवलदार हाकम के पास केस पाया गया। इस पर विजिलेंस टीम ने इसकी जानकारी एसपी पानीपत को दी।
पुलिस कर्मी पहले भी होते रहेे है सस्पेंड : पहले भी कई बार सनौली चौकी, सनौली थाना में पुलिस कर्मियों द्वारा रिश्वतखोरी के मामले में अनेकों पुलिसकर्मी लाईन हाजिर व सस्पेंड होते रहे हैं। करीब तीन माह पहले भी छह पुलिसकर्मी लाइन हाजिर व 2 पुलिसकर्मी रिश्वत लेने की वीडियो वायरल होने पर सस्पेंड हो चुके हैं। इससे पहले भी 15 के लगभग पुलिसकर्मी रिश्वत मामले में कई बार लाइन हाजिर व सस्पेंड हो चुके है। मगर फिर भी पुलिसकर्मी रिश्वत लेने से बाज नहीं आ रहे।
रिश्वतखोरी की शिकायत पर एएसआई को सस्पेंड कर दिया गया है। मामले की जांच चल रही हैै। किसी भी सूरत में किसी भी तरह का भ्रष्टाचार सहन नहीं किया जाएगा। पूरे महकमे में सख्त हिदायत दी गई है, कोई भी रिश्वतखोरी में संलिप्त पाया गया, उसके खिलाफ कड़े कदम उठाए जाएंगे।
- सतीश वत्स, डीएसपी, मुख्यालय