दादी और ताई नाबालिग की करवा रहे थे शादी, बारात आने से पहले रूकवाया बाल विवाह
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। मॉडल टाउन सोनी अस्पताल वाली गली में बारात आने से पहले ही बाल विवाह निषेध टीम ने जाकर बाल विवाह को रूकवाया। नाबालिग की शादी उसकी दादी व ताई जबरदस्ती करवा रहे थे। जिसकी सूचना बाल विवाह निषेध अधिकारी को लगी। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची व घर से नाबालिग सहित दादी व ताई और अन्य रिश्तेदारों को अपने साथ महिला थाना ले गई। जहां से परिजनों व नाबालिग के बयान दर्ज कर नाबालिग को बाल अनाथालय में भेज दिया गया। साथ ही लड़के पक्ष के परिजन व नाबालिग पक्ष के परिजनों को बुधवार को महिला थाने में बुलाया गया है।
जानकारी देते हुए बाल निषेध अधिकारी रजनी गुप्ता ने बताया कि हिसार प्रताप नगर पड़ाव चौक निवासी दादी उसकी 16 साल की नाबालिग की शादी करवाने चाहती थी। इस शादी को करवाने में नाबालिग की ताई भी साथ थी। नाबालिगा की दादी ने पानीपत मॉडल टाउन निवासी उसकी भाभी को पोती की शादी के लिए कोई लड़का देखने को बोला था। दादी की भाभी ने सहारनपुर यूपी निवासी उसके रिश्तेदार के बेटे के साथ नाबालिग का रिश्ता तय कर दिया था। जिसकी सोमवार को शादी होनी थी। बाल विवाह होने की सूचना मिलते ही बाल विवाह निषेध अधिकारी सहित कांस्टेबल प्रदीप, विशेष पुलिसकर्मी पूनम देवी व पूनम बारात आने से पहले ही शादी समारोह वाली जगह पहुंचे। ये जगह दादी की भाभी के किराये के मकान में थी। यहां से दादी-ताई सहित दादी की भाभी और नाबालिग को महिला थाने ले जाया गया। जहां से लड़के पक्ष के लोगों को फोन कर बुधवार को महिला थाना पानीपत आने के कड़े निर्देश दिए गए। वहीं नाबालिग की सुरक्षा के लिए उसे बाल अनाथालय भिजवाया गया है।