पानीपत। सिविल अस्पताल पानीपत में लगी हुई लोगों की भीड़।
- फोटो : Panipat
पानीपत। जिले में कोरोना पॉजिटिव लोगों की दर सात प्रतिशत से अधिक हो चुकी है। इसलिए सिविल सर्जन ने पीएमओ को क्विक एक्शन रिस्पॉन्स टीम का गठन करने का निर्देश दिया हैं। ये टीम कोरोना के रोगियों को जल्द ट्रेस कर उन्हें अस्पताल में आइसोलेट करेगी। इस टीम का नेतृत्व आइसोलेशन वार्ड इंचार्ज डॉ. वीरेंद्र ढांडा करेंगे। इस संबंध में पीएमओ डॉ. संजीव ग्रोवर ने डॉ. वीरेंद्र ढांडा के साथ बैठक कर तैयारियों पर चर्चा की।
वहीं प्रशासन कोरोना को नियंत्रित करने के दावे कर रहा है लेकिन लघु सचिवालय को छोड़ कर अन्य कहीं भी टीकाकरण वालों पर सख्ती नहीं दिखाई दे रही है। सार्वजनिक स्थानों पर बड़ी संख्या में लोग बिना मास्क लगाए ही पहुंच रहे हैं। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, सिविल अस्पताल, बाजार, सड़कों, पेट्रोल पंप व गैस एजेंसी समेत कई अन्य जगहों पर कहीं भी टीकाकरण के सर्टिफिकेट की जांच नहीं की जा रही। लोग बेरोक-टोक और बिना मास्क के सार्वजनिक स्थानों पर पहुंच रहे हैं। बाजारों में भीड़ नियंत्रित न होने के कारण कोरोना फिर से रफ्तार पकड़ रहा है।
सिविल अस्पताल के हालात खराब
सबसे अधिक कोरोना संक्रमण का खतरा सिविल अस्पताल में है। यहां हर रोज 1300 से अधिक ओपीडी हो रही है। अब तक सरकार ने ओपीडी, मेडिकल सर्टिफिकेट व सर्जरी जैसी सेवाओं को रोका नहीं है। अस्पताल में हर रोज दो हजार से अधिक लोग कोविड टीकाकरण के लिए आते हैं। इसके बाद भी यहां पर सामाजिक दूरी के नियमों का पालन नहीं हो रहा है।
सामाजिक दूरी के लिए लगाए अतिरिक्त गार्ड
कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देख मरीजों और तीमारदारों को कोरोना के खिलाफ जागरूक किया जा रहा है। जहां भीड़ होती है वहां सामाजिक दूरी के नियमों का पालन कराने के लिए अतिरिक्त सिक्योरिटी गार्ड की ड्यूटी लगाई गई है।
-डॉ. संजीव ग्रोवर, पीएमओ सिविल अस्पताल