पानीपत। लगभग पांच साल पहले हुए गांव शाहपुर में पिता-पुत्र हत्याकांड की शिकायतकर्ता व चश्मदीद बार बार नोटिस देेने के बाद भी कोर्ट में पेश नहीं हो रहे हैं। दोनों ने कई तारीखों पर गवाही नहीं दी। इस पर कोर्ट ने कड़ा संज्ञान लिया है। कोर्ट ने शिकायतकर्ता महिला व चश्मदीद के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है। इनकी सूचना देने वालों को 25 हजार रुपये इनाम भी मिलेगा। उनकी पहचान गुप्त रखी जाएगी।
एसपी शशांक कुमार सावन ने बताया कि अगस्त 2017 में गांव शाहपुर के अड्डे पर सोनीपत के गांव जागसी निवासी सचिन (20) व उसके पिता रामबीर को कार सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। सचिन ने मौके पर और रामबीर की पीजीआई रोहतक मे इलाज के दौरान मौत हो गई थी। पिता-पुत्र गांव शाहपुर अड्डे पर जूस की दुकान चलाते थे। वारदात में मुख्य शिकयतकर्ता रामबीर की पत्नी व सचिन मां कमला थी। वारदात में गांव शाहपुर का राकेश मुख्य गवाह था। पुलिस ने इस मामले में गांव जागसी निवासी विजय पुत्र सतबीर सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया था। शिकायतकर्ता कमला व गवाह राकेश को कोर्ट ने पेश होने के लिए कई बार नोटिस दिए लेकिन वे पेश नहीं हुए। अब उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुआ है।