पानीपत। अनाज मंडी में कृषि विभाग कार्यालय के सामने एक गोदाम में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग का लाखों रुपये का नमक और चीनी का स्टॉक मिला है। इस स्टॉक को यहां अवैध तरीके से गोदाम बनाकर रखा गया था। सीएम फ्लाइंग करनाल की टीम ने शुक्रवार दोपहर को यहां रेड कर मामले का पर्दाफाश किया है।
इस दौरान मौके पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। हालांकि इस जांच पड़ताल में सीएम फ्लाइंग टीम को स्टॉक के माल से कोई बड़ी धांधली नहीं मिली। विभाग के राशन को अवैध तरीके से गोदाम में रखना पाया गया। वहीं, ठेकेदार ने बताया कि उन्होंने यहां मजबूरी में ये गोदाम बनाया है। एफसीआई के गोदाम को जाने वाली सड़क टूटी हुई थी। यहां गोदाम बनाने को लेकर वे विभाग को भी पत्राचार कर चुके हैं।
सीएम फ्लाइंग के इंस्पेक्टर राज सिंह ने बताया कि मौके पर चीनी और नमक के कट्टों को स्टॉक चेक किया गया है। अवैध तरीके से गोदाम बनाकर स्टॉक करने की विभाग को शिकायत भी दी गई है। वहीं, मामले की जांच जारी है कि इस गोदाम से किस डिपो पर कब कब और कितना नमक और चीनी गया है।