पानीपत। बिजली निगम के सिवाह एसएलडीसी कार्यालय में निगम एक्सईएन और जेई की आपस में झड़प हो गई। विवाद इतना गहरा गया कि दोनों ने एक-दूजे के खिलाफ आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए इसकी शिकायत पुलिस तक दे दी। ये झड़प सीसीटीवी का बिल पास कराने को लेकर बताई जा रही है। जिसे लेकर एसएलडीसी एक्सईएन राम दहिया और जेई अमर सिंह आपस में ही भिड़ गए। अब मामला बिजली निगम के मुख्यालय तक पहुंच गया है। वहीं, जेई के समर्थन में कर्मचारी यूनियनोें ने हड़ताल करने तक की तैयारियां शुरू कर दी हैं। जबकि एक्सईएन अपनी बात पर अडिग दिखाई दे रहे हैं।
जेई अमर सिंह का कहना है कि उन्हें 17 फरवरी को ही बिल दिया था। जिस रजिस्टर में एंट्री होनी थी, वह बाहर था। उन्होंने सिर्फ इतना कहा था कि रजिस्टर आते ही एंट्री कर देंगे। उन्होंने एक्सईएन राम दहिया पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने उन्हें नौकरी करना सिखा देने की धमकी दी। और कहा कि अभी बिल पास होना चाहिए। इसके बाद एक्सईएन ने उन्हें गालियां तक दी।
उन्होंने कहा कि इस प्रकरण का पता चलने पर जब यूनियन नेता उनसे से प्रार्थना करने आए तो एक्सईएन ने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया। जेई ने कहा कि उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। उनकी ड्यूटी पानीपत से हटाकर रेवाड़ी और नरवाला के कार्यालय की मरम्मत के काम देखने में लगा दी जाए। वहीं एक्सईएन का कहना है कि जेई अमर सिंह लिखित में माफी मांगेगा तो ही समझौता कर सकते हैं।