पानीपत। सीबीएसई के विद्यार्थी हेरिटेज क्विज का हिस्सा बनेंगे। सीबीएसई की ओर से आयोजित हेरिटेज क्विज की थीम आजादी के 75 वर्षों को लेकर आजादी का अमृत महोत्सव रखा गया है। इस क्विज को लेकर स्कूलों में उत्साह है और वह विद्यार्थियों को अधिक से अधिक भागीदारी लेने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। इस साल हेरिटेज क्विज वर्चुअल माध्यम से हो रहा है, जिसमें बच्चों को हिस्सा लेने के लिए कहा जा रहा है।
कक्षा छठी से बारहवीं तक के विद्यार्थी बन सकते हैं हिस्सा
सीबीएसई ने हेरिटेज क्विज का आयोजन 28 जनवरी से शुरू कर दिया है, जो पूरा एक महीना जारी रहेगा। 28 फरवरी तक विद्यार्थी इस क्विज का हिस्सा बन सकते हैं। वहीं सीबीएसई स्कूलों के कक्षा छठी से बारहवीं तक के विद्यार्थी इसमें शामिल हो सकते हैं।
क्विज की खास बात यह रहेगी कि विद्यार्थियों के पास हिंदी और अंग्रेजी भाषा के चुनाव का विकल्प होगा। माईजीओवी और दीक्षा प्लेटफार्म दोनों पर ही यह उपलब्ध रहेगा। क्विज का हिस्सा बनने वाले विद्यार्थियों को सीबीएसई की तरफ से सर्टिफिकेट भी जारी किया जाएगा।
- सीबीएसई हर साल ही हेरिटेज क्विज का आयोजन करता है। हर साल ही बोर्ड अलग-अलग थीम पर इसे करता है। इस बार आजादी के 75 साल को किव्ज का थीम रखा गया है जो अपने आप में ही खास है। स्कूल के विद्यार्थियों को ज्यादा से ज्यादा भागीदारी निभाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
- विनीता तोमर, जिला कोऑर्डिनेटर, सीबीएसई, पानीपत।