पानीपत। युवती से मिलने के लिए मेरठ से पानीपत पहुंचे एक युवक की लोगों ने जमकर धुनाई कर दी। इस दौरान युवक को बेल्ट और डंडों से पीटा गया। मामले में युवती ने युवक पर छेड़खानी और अपहरण का आरोप लगाया है। दोनों पक्षों से मिली शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
घटनाक्रम के अनुसार शुक्रवार को मेरठ से पानीपत पहुंचे एक युवक के साथ कुछ लोगों ने कुटानी रोड पर मारपीट की। इस संबंध में युवक का कहना है कि उसे लड़की ने मिलने के लिए बुलाया था। इसी कारण शुक्रवार को दोपहर करीब दो बजे किराये की कार लेकर वह कुटानी रोड पर पहुंचा। तभी युवती मिलने के लिए गाड़ी में आकर बैठ गई। वह कार में सवार होकर कुटानी रोड पर गंदे नाले के पास पहुंचा ही था कि बाइक पर सवार होकर युवती के पिता और अन्य लोग आ धमके।
उन्होंने कार रुकवाकर उसकी बेल्ट और डंडों से पिटाई शुरू कर दी। साथ ही कार के भी शीशे तोड़ दिए। इस दौरान कार चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। दूसरी ओर मामले में युवती की ओर से युवक के खिलाफ अपहरण और छेड़खानी की शिकायत दी गई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रास रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। किला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जाकिर हुसैन का कहना है कि जांच के बाद मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी।