पानीपत। सेक्टर-25 पार्ट-2 बाईपास से सब्जी खरीदकर घर लौट रहे युवक को कार ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे सामान्य अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। बृहस्पतिवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस को दी शिकायत में नेपाल के दांग जिले के भोजपुर गांव निवासी नोखा पत्नी रेशम बहादुर ने बताया कि वह पिछले 18 वर्ष से सेक्टर 25 पार्ट-2 पानीपत में एक फैक्टरी में किराए पर रहते हैं। उसके पति उसकी फैक्टरी में चौकीदार के रूप में नौकरी करते हैं। वह बुधवार रात करीब नौ बजे अपने पति के साथ इंडो फॉर्म के समीप सब्जी खरीदकर घर लौट रहे थे। सड़क पार करते समय एमजेआर चौक की तरफ से एक तेज रफ्तार कार आई और उसके पति को टक्कर मार कर फरार हो गई। टक्कर लगते ही पति सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। वह स्थानीय लोगों की मदद से पति को सामान्य अस्पताल लेकर पहुंची लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। डॉक्टर ने पति को मृत घोषित कर दिया। पीड़िता ने बताया कि उसके तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे सुनील, प्रदीप और बेटी झरना है।